उत्तर प्रदेश

इंस्टाग्राम पर अब नहीं दिखेगा अश्लील कंटेंट, Meta ने किया ‘सजेस्टिव कंटेंट’ एल्गोरिदम में सुधार

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर यूजर्स को किस तरह की पोस्ट और वीडियो दिखाई देंगे, इसे लेकर मेटा ने अपने सुझाव देने वाले सिस्टम में बदलाव किया है. कंपनी का कहना है कि इंस्टाग्राम यूजर्स की पसंद और उनकी एक्टिविटी के आधार पर कंटेंट दिखाता है. हालांकि, अब ऐसे कंटेंट को सुझावों में शामिल करने से बचने की कोशिश की जाएगी, जो आपत्तिजनक, संवेदनशील या कम गुणवत्ता वाला हो सकता है. सरकार के निर्देश पर किए गए इस बदलाव के बाद इंस्टाग्राम के एक्सप्लोर, रील्स और फीड में दिखने वाले सुझावों पर असर पड़ सकता है.

मेटा के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर यूजर्स को ऐसे अकाउंट का कंटेंट भी दिखाया जाता है, जिन्हें वे फॉलो नहीं करते हैं. इसके लिए कंपनी यूजर्स की पसंद, उनकी एक्टिविटी और पहले देखे गए कंटेंट को ध्यान में रखती है. उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर इंस्टाग्राम पर रेस्टोरेंट और किताबों से जुड़ी पोस्ट देखता है, तो उसे खाने, रेसिपी और किताबों से जुड़ा कंटेंट ज्यादा दिखाया जा सकता है.

आपत्तिजनक कंटेट पर लगेगी रोक

कंपनी ने बताया कि वह अपने रिकमेंडेशन सिस्टम के लिए कुछ खास नियमों का इस्तेमाल करती है. इन नियमों का मकसद ऐसे कंटेंट को सुझावों में आने से रोकना है, जो घटिया गुणवत्ता वाला, आपत्तिजनक या बहुत ज्यादा संवेदनशील हो सकता है. इसके लिए मेटा तकनीक की मदद से ऐसे कंटेंट और अकाउंट की पहचान करती है, जो इन नियमों का पालन नहीं करते हैं. मेटा के इस बदलाव का असर खासतौर पर इंस्टाग्राम के एक्सप्लोर, रील्स और फीड में दिखाई देने वाले उन सुझावों पर पड़ेगा, जो यूजर्स को नए अकाउंट और कंटेंट खोजने में मदद करते हैं

सरकार ने जताई थी आपत्ति

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 10 अक्टूबर को मेटा को एडवाइजरी जारी कर अपने कंटेंट रिकमेंडेशन और रैंकिंग सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था. सरकार की चिंता थी कि सोशल मीडिया का एल्गोरिदम गलत और भ्रामक जानकारी के साथ आपत्तिजनक कंटेंट को भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा सकता है. इसके बाद मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम के सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए AI आधारित तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है. हालांकि, कंपनी ने इन बदलावों को सीधे सरकारी एडवाइजरी का नतीजा नहीं बताया है.

Related Articles

Back to top button