पुराना लैपटॉप बेचने जा रहे हैं? पहले कर लें ये 5 जरूरी काम, वरना आपकी पर्सनल जानकारी पड़ सकती है गलत हाथों में

आजकल लैपटॉप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है. ऑफिस का काम करना हो, ऑनलाइन पढ़ाई करनी हो या फिर इंटरनेट पर कोई जरूरी जानकारी खोजनी हो, हम लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं. इतना ही नहीं, इसमें हमारी पर्सनल फोटो, वीडियो, बैंक से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड और कई जरूरी डॉक्यूमेंट भी सेव रहते हैं. ऐसे में अगर आप अपना पुराना लैपटॉप बेचने की सोच रहे हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. आपकी एक छोटी सी गलती से निजी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ लग सकती है. इसलिए लैपटॉप बेचने से पहले ये 5 काम जरूर कर लें.
सबसे पहले जरूरी डेटा का बैकअप बनाएं
पुराना लैपटॉप बेचने से पहले उसमें मौजूद सभी जरूरी फाइलों का बैकअप जरूर बना लें. इसमें आपकी फोटो, वीडियो, ऑफिस के डॉक्यूमेंट और दूसरे जरूरी कागजात शामिल हो सकते हैं. इसके लिए आप Google Drive जैसी क्लाउड स्टोरेज सर्विस या फिर एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और पेन ड्राइव का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे लैपटॉप का डेटा हटाने के बाद भी आपकी जरूरी फाइलें सुरक्षित रहेंगी. बैकअप बनने के बाद एक बार फाइलें खोलकर जरूर देख लें.
ब्राउजर हिस्ट्री और सेव पासवर्ड हटाएं
हम अक्सर लैपटॉप पर इंटरनेट चलाते समय कई वेबसाइट खोलते हैं. इनमें ऑनलाइन शॉपिंग, ईमेल और बैंकिंग से जुड़ी वेबसाइट भी शामिल हो सकती हैं. इसलिए लैपटॉप बेचने से पहले ब्राउजर की हिस्ट्री, कुकीज और सेव किए गए पासवर्ड जरूर हटा दें. साथ ही Google, ईमेल और दूसरे जरूरी अकाउंट से लॉगआउट भी कर लें. इससे आपकी निजी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने का खतरा कम होगा.
लैपटॉप की सभी ड्राइव और फोल्डर चेक करें
कई बार हम लैपटॉप में फाइलें सेव तो कर देते हैं, लेकिन बाद में भूल जाते हैं कि उन्हें किस फोल्डर में रखा था. इसलिए लैपटॉप बेचने से पहले This PC या My Computer खोलें और सभी ड्राइव को अच्छी तरह चेक करें. खासकर डाउनलोड, डॉक्यूमेंट, डेस्कटॉप और दूसरी जगहों पर मौजूद फाइलों को जरूर देखें. इससे कोई जरूरी डॉक्यूमेंट छूटने की आशंका कम होगी.
सर्च करके अपनी पर्सनल फोटो खोजें
अगर आपको याद नहीं है कि लैपटॉप में फोटो कहां सेव हैं, तो उन्हें खोजने का एक आसान तरीका भी है. इसके लिए File Explorer के सर्च बॉक्स में jpg, png या दूसरे फोटो फॉर्मेट डालकर सर्च करें. इससे संबंधित फॉर्मेट की तस्वीरें खोजने में मदद मिलेगी. जरूरत पड़ने पर हर ड्राइव में अलग-अलग सर्च करें. इस तरह आप अपनी निजी तस्वीरों को पहचानकर उनका बैकअप बना सकते हैं और लैपटॉप से हटाने की तैयारी कर सकते हैं.
लैपटॉप को फैक्टरी रीसेट करना न भूलें
सभी जरूरी फाइलों का बैकअप लेने के बाद लैपटॉप को फैक्टरी रीसेट जरूर करें. इससे डिवाइस में मौजूद ऐप्स, सेटिंग्स और पर्सनल डेटा हटाने में मदद मिलती है.हालांकि, सिर्फ सामान्य रीसेट करने से हर स्थिति में डेटा पूरी तरह मिटने की गारंटी नहीं होती. इसलिए विंडोज़ लैपटॉप में रीसेट करते समय रिमूव एवरीथिंग और उपलब्ध होने पर क्लीन डेटा जैसे ऑप्शन चुनें. दूसरे ऑपरेटिंग सिस्टम में भी डेटा सुरक्षित तरीके से मिटाने वाला विकल्प इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें- Toyota Innova Hycross Facelift vs Mahindra XUV 7XO: बड़ी फैमिली के लिए कौन सी कार रहेगी सही? किसमें मिलेगा ज्यादा स्पेस, शानदार फीचर्स
आपकी कार या बाइक भी PUC टेस्ट में हो गई फेल? जानिए कहां हो रही गलती और कैसे मिलेगा सर्टिफिकेट




