शिक्षा

NMC का बड़ा फैसला, मेडिकल कॉलेजों की अपील फीस में हुई बढ़ोतरी

देश के मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने बड़ा बदलाव किया है. आयोग ने मेडिकल कॉलेजों की ओर से अपील दाखिल करने के लिए ली जाने वाली फीस में कई गुना बढ़ोतरी कर दी है. नई व्यवस्था के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों को अब अपील के लिए GST सहित 1.77 लाख रुपये और निजी मेडिकल कॉलेजों व डीम्ड यूनिवर्सिटी को 3.54 लाख रुपये जमा करने होंगे. पहले सभी संस्थानों के लिए यह फीस 59 हजार रुपये निर्धारित थी. संशोधित फीस एकेडमिक सेशन 2026-27 से लागू होगी.

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मेडिकल कॉलेजों की अपील फीस को संस्थानों की कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग कर दिया है. आयोग की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के मुताबिक, सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के लिए नई फीस तय की गई है. नई व्यवस्था के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों को अपील दाखिल करने के लिए 1.50 लाख रुपये देने होंगे. वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों और डीम्ड यूनिवर्सिटी के लिए यह राशि 3 लाख रुपये निर्धारित की गई है. दोनों मामलों में 18 प्रतिशत GST भी देना होगा. इस तरह GST जोड़ने के बाद सरकारी संस्थानों को कुल 1.77 लाख रुपये और निजी संस्थानों को 3.54 लाख रुपये का भुगतान करना होगा. इससे पहले सभी संस्थानों के लिए अपील फीस एक समान 59 हजार रुपये थी.

2026-27 सत्र से लागू होंगे नए नियम

NMC ने बताया कि अपील फीस पहले 21 मई 2024 को जारी सार्वजनिक सूचना और 30 मई 2024 के परिशिष्ट के आधार पर तय की गई थी. अब फीस की समीक्षा करने के बाद सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से इसमें बदलाव किया गया है. यह संशोधन राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 22(3), 28(5) और 35(5) के तहत दाखिल होने वाली अपीलों पर लागू होगा. इन अपीलों में मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB), अंडरग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (UG-MEB) और पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (PG-MEB) के फैसलों को चुनौती दी जा सकती है.

फीस जमा नहीं करने पर खारिज होगी अपील

आयोग ने मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को निर्देश दिया है कि अपील दाखिल करते समय निर्धारित नई फीस जमा करना अनिवार्य होगा. यदि कोई संस्थान तय फीस के बिना अपील करता है तो उसकी अपील खारिज की जा सकती है.

ऑनलाइन मॉड्यूल से करनी होगी अपील

NMC के मुताबिक सभी संबंधित अपीलें आयोग के ऑनलाइन अपील मॉड्यूल के माध्यम से ही दाखिल करनी होंगी. आयोग ने मेडिकल कॉलेजों के डीन और प्रिंसिपल को नई फीस व्यवस्था की जानकारी लेने और अपील प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है.

Related Articles

Back to top button