Google ने बना डाली नकली इंटरनेट की दुनिया! यहां AI करेगा शॉपिंग और बैंकिंग, आपके डेटा को बचाने की है तैयारी

जरा सोचिए इंटरनेट की एक ऐसी दुनिया, जहां ऑनलाइन शॉपिंग की वेबसाइटें हों, सोशल मीडिया फीड है और बैंकिंग से जुड़े डैशबोर्ड भी मौजूद हो. लेकिन इनमें से कुछ भी असली नहीं है. सुनने में तो यह किसी फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन Google ने वास्तव में ऐसा ही एक सिस्टम तैयार कर लिया है. गूगल ने इसका नाम Mirror Dimension रखा है. इसका इस्तेमाल Chrome में आने वाले Gemini आधारित AI एजेंट्स को सेफ तरीके से ट्रेनिंग देने और उनकी क्षमता चेक करने के लिए किया जा रहा है.
Google के सिक्योरिटी ब्लॉग के अनुसार, Mirror Dimension एक तरह की फेक इंटरनेट दुनिया है. जहां AI एजेंट बिना किसी असली वेबसाइट पर जाए कई तरह के काम को पूरा करते हैं. जैसे- लिंक पर क्लिक करना, ऑनलाइन फॉर्म भरना, पॉडकास्ट डाउनलोड करना और शॉपिंग करना. इस दौरान किसी असली यूजर के अकाउंट या पर्सनल डिटेल्स पर कोई असर नहीं होता है.
असली इंटरनेट पर टेस्टिंग करना क्यों था मुश्किल?
गूगल के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि AI एजेंट को डेलीलाइफ के ऑनलाइन काम सिखाने के लिए हजारों टेस्ट करने होते हैं. असली वेबसाइटों पर ऐसा करना आसान नहीं है, इसका कारण है कि उसमें लगातार बदलाव होता रहता है. इससे एक ही टेस्ट को बार-बार उसी तरह रिपीट करना मुश्किल भरा होता है. वहीं अगर शुरुआती दौर में AI एजेंट से कोई गलती हो जाए तो किसी असली अकाउंट या यूजर को नुकसान पहुंच सकता है.
इसके साथ ही AI की टेस्टिंग में एक और समस्या देखने को मिलती है, जिसे Eval Awareness कहते हैं. इसमें AI मॉडल को पता चल जाता है कि उसका टेस्ट लिया जा रहा है. ऐसे में वह नार्मल व्यवहार करने के बजाय अलर्ट हो जाता है. गूगल चाहता है कि AI एजेंट बिल्कुल वैसे ही काम करें, जैसे वे असली इंटरनेट इस्तेमाल करते समय करेंगे.
ऐसे काम करती है नकली इंटरनेट की दुनिया
Mirror Dimension को gVisor नाम के टूल की सहायता से एक सेफ डिजिटल सैंडबॉक्स में तैयार किया गया है. जब AI एजेंट किसी जानी पहचानी वेबसाइट को खोलने का प्रयास करता है, तो सिस्टम उसे असली साइट की जगह उसकी नकली कॉपी पर भेज देता है. अच्छी बात यह है कि Chrome के एड्रेस बार में वेबसाइट का पता नार्मल ही दिखाई देता है. इसके लिए गूगल ने अपने पर्सनल टेस्ट नेटवर्क में खास वेब सर्टिफिकेट का प्रयोग किया है.
AI की मदद से तैयार हुई हजारों वेबसाइटें
इतनी सारी वेबसाइटें इंसानों के जरिए बनाना आसान काम नहीं था. इसलिए Google ने दूसरे AI एजेंट्स की सहायता ली. कुछ एजेंट वेबसाइट का प्लान तैयार करते हैं, वहीं दूसरे उनका कोड तैयार करते हैं. इसके बाद तीसरे एजेंट Chrome के डेवलपर टूल्स की सहायता से वेबसाइट पर क्लिक करके देखते हैं कि सभी फीचर सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं. किसी भी तरह की समस्या मिलने पर उसे सही किया जाता है. इसमें ऑनलाइन स्टोर, रेसिपी वेबसाइट, लोकल मार्केटप्लेस और बैंकिंग डैशबोर्ड जैसी कई वेबसाइटें शामिल हैं.
Prompt Injection से बचाव भी है बडा मकसद
गूगल इस सिस्टम के माध्यम से Prompt Injection जैसे साइबर खतरों से निपटने की तैयारी भी कर रहा है. इसमें हमलावर वेबसाइट के टेक्स्ट या तस्वीरों में छिपे निर्देशों के जरिए AI को गुमराह करने का प्रयास करते हैं. कंपनी के अनुसार इस सिस्टम की सहायता से एक सिक्योरिटी इंजीनियर हर दिन 1,000 से ज्यादा ऐसे टेस्ट तैयार कर सकता है. यह इंसानों के मुकाबले 30 गुना से भी ज्यादा है.
Google का कहना है कि AI एजेंट को यह समझने में बेहतर बनाया जा रहा है कि किस काम को खुद करना है और कब यूजर से परमिशन लेना जरूरी है. कंपनी आने वाले समय में Mirror Dimension को और बेहतर बनाएगी, जिससे ज्यादा स्मार्ट होते AI एजेंट्स की सुरक्षा को भी अच्छी तरह टेस्ट किया जा सके. AI एजेंट जितना ही सेफ रहेंगे, इंटरनेट की दुनिया में आपका डेटा पर भी उतना ही खतरा कम होगा.
ये भी पढे़ंः Instagram का नया फीचर! अब आप स्टोरी डिलीट किए बिना बदल सकेंगे म्यूजिक और टेक्स्ट, जानें कैसे
ये भी पढ़ेंः Truecaller पर आपका नंबर सर्च होते ही खुल जाती है पूरी डिटेल! दूसरों के फोन में सेव हो रही ये सीक्रेट डिटेल्स




