उत्तर प्रदेश

देव दीपावली के लिए तैयार काशी, 11 लाख दीयों से रोशन होंगे गंगा घाट

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के लिए काशी पूरी तरह तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा पर आज गंगा के घाट 11 लाख से अधिक दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। आयोजन में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शाम करीब 4 बजे वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम संभावित है। वह नमो घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ करेंगे और क्रूज से गंगा महाआरती के दर्शन करेंगे।

घाटों पर दिखेगा आस्था और रोशनी का संगम

नमो घाट से सामने घाट तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीये जलाने की तैयारी है। घाटों की सजावट और रोशनी के बीच श्रद्धालुओं को काशी का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।

2100 ड्रोन से बनेगी आसमान में धार्मिक आकृतियां

इस बार देव दीपावली पर आधुनिक तकनीक का भी आकर्षण रहेगा। नमो घाट और गंगा पार के आसमान में करीब 2100 ड्रोन के जरिए भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। संगीत के साथ होने वाला यह शो आयोजन को खास बनाएगा।

प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का आकर्षण

आयोजन में 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो होगा। कुल 25 मिनट की इस प्रस्तुति में काशी, भगवान शिव, मां गंगा और देव दीपावली से जुड़े पौराणिक प्रसंगों को घाटों और ऐतिहासिक इमारतों पर दिखाया जाएगा।

गंगा पार होगी ग्रीन आतिशबाजी

गंगा पार रेती पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो भी आयोजित होगा। इसमें भगवान शिव की महिमा पर आधारित भजनों के साथ आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा।

दशाश्वमेध घाट पर होगी भव्य महाआरती

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की गंगा महाआरती मुख्य आकर्षणों में शामिल रहेगी। दीपों की रोशनी, शंखनाद, मंत्रोच्चार और पुजारियों की लयबद्ध आरती से पूरा घाट भक्तिमय हो उठेगा। गंगा की लहरों के बीच हजारों दीपों का प्रतिबिंब इस पर्व की भव्यता को और बढ़ाएगा।

Related Articles

Back to top button