शिक्षा

बिहार में क्लास 6th से अनिवार्य होगी कंप्यूटर की पढ़ाई, अगले सेशन से लागू होगा नियम

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए एजुकेशन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. राज्य सरकार अगले एकेडमिक सेशन से कक्षा 6 से 12वीं तक कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य करने की तैयारी कर रही है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने इसकी घोषणा की है. सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट्स को भी तकनीकी शिक्षा में प्राइवेट स्कूलों के बच्चों के बराबर लाना है. इसके साथ ही शिक्षकों के ट्रांसफर, स्टूडेंट्स की ऑनलाइन पढ़ाई और कॉलेजों को मिलने वाले ग्रांट को लेकर भी कई अहम घोषणाएं की गई हैं.

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है. इसी दिशा में अगले एकेडमिक सेशन से कक्षा 6 से 12वीं तक कंप्यूटर की पढ़ाई अनिवार्य की जाएगी. इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को भी तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा.

सरकारी स्कूलों के बच्चे पीछे न रहें

उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि सरकारी विद्यालयों के बच्चे किसी भी मामले में निजी स्कूलों के स्टूडेंट्स से पीछे न रहें. इसके लिए शिक्षा व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं. साथ ही शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पढ़ाने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए सरकार तैयार है.

विद्या साथी एप से दूर होंगी स्कूलों की शंकाएं

शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन की स्थापना की गई है. इसके अलावा 12वीं तक के स्टूडेंट्स को विद्या साथी एप से जोड़ा गया है. इस एप के माध्यम से स्टूडेंट अपनी पढ़ाई से जुड़ी शंकाओं का समाधान कभी भी प्राप्त कर सकते हैं. यहां तक कि रात एक बजे भी स्टूडेंट्स को सवालों के जवाब मिल सकते हैं.

जनवरी तक पूरा होगा शिक्षकों का ट्रांसफर

मंत्री ने कहा कि टीचर्स के ट्रांसफर की प्रक्रिया जनवरी तक पूरी कर ली जाएगी. इसके अलावा अनुदानित महाविद्यालयों को हर महीने अनुदान देने की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी. इससे कॉलेजों को आर्थिक सहायता मिलने में नियमितता आएगी.

मेधावी स्टूडेंट्स को किया गया सम्मानित

ये घोषणाएं शिक्षा मंत्री ने रविवार को महाराजगंज के गोरेख सिंह महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कीं. कार्यक्रम में स्कॉलरशिप टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को सम्मानित किया गया.

Related Articles

Back to top button