मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगी डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि, बर्धमान यूनिवर्सिटी देगी ये सम्मान

मशहूर बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती के नाम एक और प्रतिष्ठित सम्मान जुड़ने जा रहा है. सिनेमा जगत में उनके खास योगदान को देखते हुए अब उन्हें बर्धमान यूनिवर्सिटी की ओर से मानद ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ यानी डी.लिट. की उपाधि से नवाजा जाएगा. बर्धमान यूनिवर्सिटी के अगले महीने आयोजित होने वाले 40वें कन्वोकेशनसमारोह के दौरान उन्हें ये सम्मान दिया जाएगा.
यूनिवर्सिटी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बर्धमान यूनिवर्सिटी का 40वां कन्वोकेशन समारोह आगामी 9 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा. ये कार्यक्रम यूनिवर्सिटी के गोलापबाग कैंपस स्थित ऑडिटोरियम में होगा. इसी समारोह में मिथुन चक्रवर्ती को सिनेमा की दुनिया में उनके खास योगदान के लिए मानद डी.लिट. की डिग्री दी जाएगी.
मिथुन चक्रवर्ती को मानद डी.लिट. की उपाधि प्रदान करने के प्रस्ताव को यूनिवर्सिटी के चांसलर और राज्यपाल आर. एन. रवि ने आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है. जानकारी के मुताबिक, सम्मान पाने वाले नामों पर शुरुआती निर्णय यूनिवर्सिटी की कार्यकारी परिषद यानी एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में लिया गया था. इसके बाद इन नामों को मंजूरी के लिए चांसलर के पास भेजा गया था. बीते 17 नवंबर को राज्यपाल सचिवालय की ओर से यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर शंकर कुमार नाथ को एक आधिकारिक पत्र भेजकर इस प्रस्ताव पर स्वीकृति की पुष्टि की गई.
दो प्रोफेसरों को भी मिलेगा सम्मान
9 दिसंबर को होने वाले इसी कन्वोकेशन समारोह में मिथुन चक्रवर्ती के साथ-साथ दो प्रोफेसरों को भी सम्मानित किया जाएगा. समारोह के दौरान जी. पार्थसारथी और भूपेंद्रनाथ गोस्वामी को मानद ‘डॉक्टर ऑफ साइंस’ यानी डी.एससी. की उपाधि से नवाजा जाएगा.
पांच दशकों से ज्यादा का रहा है मिथुन का शानदार करियर
मिथुन चक्रवर्ती ने बंगाली और हिंदी सिनेमा में पांच दशकों से अधिक समय तक अपने शानदार एक्टिंग की छाप छोड़ी है और अपने प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार जीते हैं. पूर्व राज्यसभा सांसद मिथुन चक्रवर्ती को साल 2024 में ‘पद्म भूषण’ और ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है.




