AI बैन करने वाले स्कूलों के लिए बंद हो सकता है गूगल सर्च, जानें क्यों

गूगल ने स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के इस्तेमाल को लेकर अपनी नीति में बड़ा बदलाव किया है. अब स्कूल लेवल के स्टूडेंट्स को Gemini और Google Search जैसी सुविधाएं इस्तेमाल करने के लिए स्कूल प्रशासन की अनुमति लेनी होगी. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई स्कूल छात्रों के लिए AI टूल्स को बंद रखने का फैसला करता है तो उन्हें Google Search की सुविधा भी नहीं मिलेगी. यह नई व्यवस्था K-12 यानी स्कूल लेवल के स्टूडेंट अकाउंट्स पर लागू होगी. गूगल के इस फैसले से स्कूलों को कक्षाओं में तकनीक और AI के इस्तेमाल पर पहले से ज्यादा नियंत्रण मिलेगा.
गूगल के नए फैसले के तहत स्कूल स्तर के छात्रों के अकाउंट में कुछ सेवाएं डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगी. इनमें Gemini, Gemini Notebook, Gemini in Classroom और Google Search शामिल हैं. इन सभी सुविधाओं को स्कूल प्रशासन की परमिशन मिलने के बाद ही चालू किया जा सकेगा. इसका मतलब है कि अब स्कूल अपनी जरूरत, नीतियों और छात्रों की उम्र को ध्यान में रखते हुए तय कर सकेंगे कि उन्हें AI टूल्स का इस्तेमाल करने देना है या नहीं. कंपनी आने वाले महीनों में स्कूलों को इस बदलाव की पूरी जानकारी देगी ताकि प्रशासन नई व्यवस्था के लिए तैयारी कर सके.
गूगल ने क्यों बदली अपनी नीति?
गूगल के शिक्षा विभाग के उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक क्रिस फिलिप्स ने ब्लॉग पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कंपनी ने स्कूलों, टीचर्स, रिसर्चर्स और नीति निर्माताओं से मिली राय के आधार पर यह फैसला लिया है. कंपनी का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य स्कूलों को अपनी कक्षाओं में AI के इस्तेमाल को लेकर ज्यादा अधिकार देना है. अब स्कूल खुद तय कर सकेंगे कि उनके छात्र किन डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं.
AI बंद होने पर Google Search भी नहीं चलेगा
इस फैसले का सबसे जरूरी पहलू Google Search को लेकर है. क्रिस फिलिप्स के मुताबिक, गूगल का सर्च इंजन अब AI तकनीक से काफी गहराई से जुड़ चुका है. ऐसे में अगर कोई स्कूल अपने छात्रों के लिए AI के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाता है तो Google Search भी उपलब्ध नहीं होगा. ऐसी स्थिति में स्टूडेंट सर्च इंजन का इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे तो उन्हें स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई देगा. इसमें बताया जाएगा कि स्कूल की ओर से यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है.
स्कूलों में AI के इस्तेमाल पर क्यों उठ रहे सवाल?
स्कूलों में AI टूल्स के इस्तेमाल को लेकर टीचर्स, पैरेंट्स और बाल विकास विशेषज्ञों ने चिंता जताई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में गूगल की ओर से Google Classroom इस्तेमाल करने वाले स्कूलों के छात्रों के लिए Gemini चैटबॉट की सुविधा शुरू करने की घोषणा के बाद विरोध बढ़ा था. एजुकेशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि कम उम्र में AI पर ज्यादा निर्भरता से बच्चों की सोचने, समझने और खुद समस्याओं का हल निकालने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. ऐसे में गूगल का नया फैसला स्कूलों को AI के इस्तेमाल पर नियंत्रण रखने का विकल्प देता है.




