शिक्षा

RRB Group D Result 2026: रेलवे ग्रुप डी का रिजल्ट जारी, देखें किस जोन में कितनी रही कटऑफ

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी भर्ती के सीबीटी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही सभी क्षेत्रीय बोर्डों ने फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर भी जारी कर दिए हैं. रेलवे ने रिजल्ट के साथ ही जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी वर्ग की जोन वाइज कटऑफ भी घोषित की है. इस बार अलग-अलग जोन की कटऑफ में काफी अंतर देखने को मिला है. कोलकाता में जनरल कैटेगरी की कटऑफ सबसे ज्याद रही, जबकि चेन्नई में ओबीसी वर्ग की कटऑफ जनरल कैटेगरी से ज्यादा दर्ज की गई है.

जारी आंकड़ों के अनुसार, कोलकाता रेलवे भर्ती बोर्ड में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 84.16794 रही. वहीं यहां ओबीसी वर्ग के लिए कटऑफ 80.99859, ईडब्ल्यूएस के लिए 74.02487, एससी के लिए 77.44996 और एसटी के लिए 66.59089 अंक रही. पटना में सामान्य वर्ग की कटऑफ 82.51333 और ओबीसी की 82.51135 रही. दोनों वर्गों के अंकों में बेहद मामूली अंतर देखने को मिला. गोरखपुर में सामान्य वर्ग की कटऑफ 81.46204 और ओबीसी की 80.92605 दर्ज की गई.

चेन्नई में ओबीसी की कटऑफ जनरल से ज्यादा

इस बार चेन्नई आरआरबी के कटऑफ आंकड़े खास रहे. यहां ओबीसी वर्ग की कटऑफ 82.79168 रही, जबकि सामान्य वर्ग की कटऑफ 80.75601 अंक थी. यानी ओबीसी की कटऑफ सामान्य वर्ग से 2.03567 अंक ज्यादा रही. अजमेर में सामान्य वर्ग की कटऑफ 80.68220 रही. यहां ओबीसी वर्ग के लिए कोई पद उपलब्ध नहीं था.

इन जोन में भी जारी हुई कटऑफ

अन्य जोन की बात करें तो रांची में सामान्य वर्ग की कटऑफ 80.51944, चंडीगढ़ में 80.25070 और भोपाल में 79.81581 रही. बेंगलुरु में यह आंकड़ा 79.29352, बिलासपुर में 78.89454 और भुवनेश्वर में 78.06946 दर्ज किया गया. वहीं प्रयागराज में सामान्य वर्ग की कटऑफ 77.69152, मुंबई में 77.65710 और अहमदाबाद में 77.28827 रही. अधिकांश जोन में सामान्य और ओबीसी वर्ग की कटऑफ के बीच एक अंक से भी कम का अंतर रहा. ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ भी अधिकतर जोन में इन दोनों वर्गों से कम रही.

Related Articles

Back to top button