मनोरंजन

TV9 Recommendation: ‘रामायण’ का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है? OTT पर हिंदी में मौजूद ये 5 प्योर माइथोलॉजिकल फिल्में भी जरूर देखें

5 Best Mythological Movies On OTT: वीकेंड आते ही हर किसी के मन में बस एक ही सवाल घूमता है कि इस बार फुर्सत के पलों को खास कैसे बनाया जाए? किसी को दोस्तों के साथ आउटिंग पसंद है, तो किसी को घर पर सुकून से म्यूजिक सुनना या आराम करना. लेकिन जो असली सिनेमा लवर्स हैं, उनके लिए वीकेंड का असली मजा तभी है जब स्क्रीन पर कोई दमदार कहानी चल रही हो. हालांकि, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की भीड़ में ‘क्या देखें’ यही सोचते-सोचते आधा समय स्क्रॉलिंग में निकल जाता है. आपकी इसी उलझन को खत्म करने और वक्त बचाने के लिए TV9 हर हफ्ते अलग-अलग जॉनरा की 5 चुनिंदा फिल्मों या सीरीज की खास लिस्ट लेकर आता है, ताकि आप बिना किसी कंफ्यूजन के सीधे एंटरटेनमेंट का आनंद ले सकें.

इस हफ्ते TV9 Recommendation में हम आपके लिए लाए हैं पौराणिक जॉनरा की 5 बेहतरीन फिल्में. ऐसा इसलिए, क्योंकि सिनेमाघरों में इन दिनों ‘रामायण’ की धूम मची हुई है और दर्शकों के बीच माइथोलॉजिकल कहानियों को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. हालांकि इस लिस्ट में हम ‘रामायण’ को शामिल नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऐसी 5 फिल्मों के बारे में बता रहे हैं जो ‘रामायण’ की ही तरह पूरी तरह पौराणिक युग और धर्मग्रंथों की कथाओं पर आधारित हैं. खास बात ये है कि इनमें साउथ सिनेमा की वो भव्य पौराणिक फिल्में भी शामिल हैं, जो हिंदी में डब होकर ओटीटी पर मौजूद हैं. आखिर में हम आपको हमारी इस हफ्ते की नंबर-1 च्वाइस भी बताएंगे, ताकि अगर आपके पास सिर्फ एक ही फिल्म देखने का समय है तो आप बिना कंफ्यूजन देखना शुरू कर सकें.

1. महावतार नरसिम्हा (2025)

  • डायरेक्टर- अश्विन कुमार
  • स्टारकास्ट (वॉइस कास्ट)- आदित्य राज शर्मा, हरिप्रिया मट्टा, हरजीत वालिया, प्रियंका भंडारी
  • OTT- नेटफ्लिक्स
  • IMDB रेटिंग- 8.5/10

होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी ये पैन-इंडिया एनिमेटेड पौराणिक फिल्म भगवान विष्णु के वराह और नरसिम्हा अवतार की अमर गाथा को बेहद भव्य और प्रभावशाली अंदाज में पर्दे पर उतारती है. फिल्म की कहानी असुरराज हिरण्यकशिपु के अहंकार, उसके पुत्र बालक प्रह्लाद की अटूट विष्णु भक्ति और फिर खंभे को चीरकर प्रकट हुए भगवान नरसिम्हा द्वारा अत्याचार के अंत पर आधारित है. इसमें कोई मॉडर्न ट्विस्ट नहीं, बल्कि पुराणों की कथा और रोंगटे खड़े कर देने वाला क्लाइमैक्स देखने को मिलता है.

2. अर्जुन: द वॉरियर प्रिंस (2012)

  • डायरेक्टर- अर्नब चौधरी
  • स्टारकास्ट (वॉइस कास्ट)- युद्धवीर बकोलिया, अशोक बांठिया, विजय कश्यप, रवि खानविलकर
  • OTT- अमेजन प्राइम वीडियो
  • IMDB रेटिंग- 6.8/10

महाभारत के सबसे पराक्रमी धनुर्धर अर्जुन की जिंदगी पर बनी ये फिल्म पूरी तरह पौराणिक कालखंड पर आधारित है. इसमें बालक अर्जुन के हस्तिनापुर में प्रशिक्षण, गुरु द्रोणाचार्य के मार्गदर्शन, द्रौपदी स्वयंवर और फिर कुरुक्षेत्र की रणभूमि में अपने ही परिजनों के खिलाफ हथियार उठाने से पहले के धर्मसंकट को बेहद संजीदगी से दिखाया गया है. अगर आप महाभारत की मूल भावना को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो ये फिल्म आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है.

3. कुरुक्षेत्र (2019)

  • डायरेक्टर- नागन्ना
  • स्टारकास्ट- दर्शन थूगुदीप, अंबरीश, वी. रविचंद्रन, अर्जुन सरजा, सोनू सूद
  • OTT- जी5 / प्राइम वीडियो
  • IMDB रेटिंग- 6.6/10

कन्नड़ सिनेमा की इस भव्य पौराणिक युद्ध फिल्म को हिंदी में डब कर रिलीज किया गया है. इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये महाभारत की कथा को कौरव राजकुमार दुर्योधन के दृष्टिकोण से पेश करती है. राजमहल के भव्य सेट, द्यूत क्रीड़ा, द्रौपदी चीरहरण और कुरुक्षेत्र के 18 दिनों के भीषण महासंग्राम को बड़े पैमाने पर फिल्माया गया है. साउथ की इस मल्टी-स्टारर फिल्म में पौराणिक सिनेमा का पुराना और क्लासिक अंदाज साफ झलकता है.

4. श्री राम राज्यम (2011)

  • डायरेक्टर- बापू
  • स्टारकास्ट- नंदमुरी बालकृष्ण, नयनतारा, अक्किनेनी नागेश्वर राव
  • OTT- अमेजन प्राइम वीडियो
  • IMDB रेटिंग- 6.6/10

तेलुगु सिनेमा की ये क्लासिक पौराणिक फिल्म हिंदी डब वर्जन में उपलब्ध है और रामायण के उत्तरकांड की मार्मिक कथा बयान करती है. फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह वनवास के बाद माता सीता महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में शरण लेती हैं और वहीं लव-कुश का जन्म होता है. बड़े होकर जब लव-कुश अयोध्या की गलियों में रामायण का गान करते हैं, तो कहानी बेहद भावुक मोड़ ले लेती है. नयनतारा और बालकृष्ण के सधे हुए अभिनय ने इस पौराणिक गाथा को यादगार बना दिया है.

5. कन्नप्पा (2025)

  • डायरेक्टर- मुकेश कुमार सिंह
  • स्टारकास्ट- विष्णु मांचू, प्रभास, अक्षय कुमार, मोहनलाल, काजल अग्रवाल
  • OTT- अमेजन प्राइम वीडियो
  • IMDB रेटिंग- 4.6/10

साउथ के दिग्गज सितारों से सजी ये पैन-इंडिया पौराणिक फिल्म हिंदी भाषा में भी ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है. इसकी कहानी एक निडर और नास्तिक आदिवासी योद्धा तिन्नाडु के इर्द-गिर्द घूमती है, जो परिस्थितियों के चलते भगवान शिव के प्रति ऐसी अटूट आस्था में डूब जाता है कि अपनी आंखें तक अर्पित करने को तैयार हो जाता है. शिव के परम भक्त ‘कन्नप्पा’ की इस पौराणिक कथा में भक्ति, त्याग और भव्य विजुअल्स का संगम देखने को मिलता है.

TV9 Recommendation- ये सभी फिल्में अपने-अपने अंदाज में भारतीय पौराणिक कथाओं की भव्यता को पेश करती हैं. अगर आपके पास वीकेंड पर भरपूर समय है, तो आप एक-एक करके इन सभी पांचों फिल्मों को हिंदी में देख सकते हैं. हालांकि, अगर आपके पास सिर्फ एक ही फिल्म देखने का वक्त है, तो आपको सबसे पहले ‘महावतार नरसिम्हा’ देखनी चाहिए.

‘महावतार नरसिम्हा’ नंबर-1 च्वाइस क्यों?

ऐसा मुमकिन है कि अगर आप ये पांचों माइथोलॉजिकल फिल्में देख चुके हैं, तो आपकी नंबर-1 च्वाइस कोई और फिल्म हो सकती है. लेकिन इस हफ्ते के लिए हमारी पहली पसंद ‘महावतार नरसिम्हा’ है. इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि इस फिल्म ने पौराणिक कथाकथन को बिना किसी मिलावट के, बेहद प्रामाणिक और रोंगटे खड़े कर देने वाले विजुअल अनुभव के साथ पेश किया है. विष्णु पुराण, नरसिम्हा पुराण और भागवत पुराण पर आधारित इसकी कहानी हर उम्र के दर्शक खासकर पूरे परिवार को एक साथ बांधकर रखती है. जहां बालक प्रह्लाद की निश्छल भक्ति दिल को छू जाती है, वहीं आखिरी 20 मिनटों में भगवान नरसिम्हा का अवतरण और युद्ध का दृश्य सिनेमाई रोमांच को चरम पर पहुंचा देता है. इन्हीं खूबियों के चलते इसे IMDb पर भी लिस्ट की बाकी फिल्मों के मुकाबले सबसे ज्यादा 8.5/10 की शानदार रेटिंग मिली है.

Related Articles

Back to top button