अगर आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं…ब्रेक के बाद KBC के मंच पर लौटे अमिताभ बच्चन, दिया हेल्थ अपडेट

Amitabh Bachchan Kaun Banega Crorepati: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर लौट आए हैं. वो बीते कुछ दिन से अस्वस्थ चल रहे थे. अब वो पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्होंने पसंदीदा क्विज रिएलिटी शो के मंच पर वापसी कर ली है. जैसा कि TV9 हिंदी डिजिटल ने आपको सबसे पहले एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी कि अमिताभ बच्चन 10 तारीख से केबीसी की शूटिंग दोबारा शुरू करने जा रहे हैं, अब उसी खबर पर मुहर लग गई है. अमिताभ बच्चन ने न केवल सफलतापूर्वक शो की शूटिंग शुरू कर दी है, बल्कि सोनी टीवी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और टेलीविजन पर शो का नया और बेहद भावुक प्रोमो भी ऑन-एयर कर दिया है. प्रोमो में बिग बी उसी पुराने जोश, ऊर्जा और मुस्कान के साथ दर्शकों का स्वागत करते नजर आ रहे हैं.
नए प्रोमो की शुरुआत इस शानदार घोषणा के साथ होती है, “लौट रहे हैं शहंशाह एक बार फिर से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए एपिसोड्स के साथ.” लाल रंग की खूबसूरत एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट में नजर आ रहे अमिताभ बच्चन प्रोमो में दौड़ते हुए आकर दर्शकों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए बेहद प्यारे अंदाज में कहते हैं, “उम्मीद है कि आप सबकी दिवाली बड़ी शानदार रही होगी. हमने भी अपनों के साथ दिवाली मनाई, लेकिन हमारा एक और घर भी तो है, केबीसी का यह मंच.”
View this post on Instagram
कंटेस्टेंट ने पूछा बिग बी की सेहत का हाल
प्रोमो का सबसे भावुक और दिल छू लेने वाला पल तब आता है, जब हॉट सीट पर बैठा एक कंटेस्टेंट अमिताभ बच्चन से उनकी तबीयत के बारे में पूछता है. कंटेस्टेंट भावुक होकर कहता है, “आपकी तबीयत ठीक नहीं थी, अब आप कैसे हैं सर?” इस सवाल पर अमिताभ बच्चन मुस्कुराते हुए और पूरे स्नेह के साथ जवाब देते हैं, “मैं ठीक हूं सर…अगर आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं. आप सबके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से हम यहां पर फिर से हाजिर हैं. उसी जोश, उसी मुस्कान और बिल्कुल नए एपिसोड्स के साथ, इस सोमवार.”
ये भी पढ़ें-
5-10 नहीं, शाहरुख खान की किंग में दिखेंगे ये 20 सितारे, इन 5 किरदारों पर टिकीं सबकी नजरें
धुरंधर के डायरेक्टर आदित्य धर के साथ काम करने वाले थे सिद्धार्थ मल्होत्रा, अब किया खुलासा
कब से आएगा KBC का नया एपिसोड?
बीते दिनों अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे थे. केबीसी की शूटिंग पर भी कुछ दिनों का ब्रेक लगा था, लेकिन हमारे एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक तय शेड्यूल पर 10 तारीख को बिग बी ने सेट पर वापसी की. नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन की चमक, आवाज की खनक और कंटेस्टेंट्स के प्रति उनका वही अपनापन देखकर फैंस सोशल मीडिया पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं. अब इस सोमवार से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के बिल्कुल नए एपिसोड्स का सिलसिला फिर से शुरू होने जा रहा है.




