भारत में 2029 तक 2 लाख से ज्यादा होंगी MBBS की सीटें! इससे क्या बदलेगा?

NEET UG: देशभर के मेडिकल काॅलेजों में MBBS एडमिशन प्रक्रिया खत्म हो गई है. तो वहीं पोस्ट ग्रेजुएशन मेडिकल एडमिशन प्रोसेस भी अपने पीक पर है. इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश में मेडिकल एजुकेशन को लेकर एक अहम टिप्पणी की है. वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के आठवें दीक्षांत समारोह में बोलते हुए, नड्डा ने कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. इस दौरान उन्होंने ने 2029 तक 75,000 मेडिकल सीटें जोड़ने के लक्ष्य को भी दोहराया, जिसके तहत मेडिकल की यूजी और पीजी सीटें जोड़ी जानी हैं. माना जा रहा है कि इस पहल के तहत MBBS की सीटें 2029 तक बढ़कर 2 लाख के पार तक हो जाएंगी.
आइए, जानते हैं कि MBBS की सीटें 2 लाख से अधिक होने के मायने क्या हैं. जानेंगे कि इससे क्या बदलेगा और कैसे ये बदलाव NEET कैंडिडेट्स और आम नागरिक के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
MBBS की सीटें 1.43 लाख हुई
देश में MBBS की सीटों में लगातार बढ़ाेतरी जारी है. इसी कड़ी में पिछले एक दशक में MBBS व पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी का दौर जारी है. इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी दी. उन्होंने कहा कि MBBS की सीटें लगभग 51,000 से बढ़कर 1.43 लाख हो गई हैं, जबकि पोस्टग्रेजुएट सीटें लगभग 31,000 से बढ़कर 91,000 हो गई हैं.
3 साल में 75000 सीटें बढ़ने के मायने क्या हैं?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 2029 तक देश के मेडिकल एजुकेशन में 75000 अतिरिक्त सीटें जोड़ने का लक्ष्य दोहराया है. सरकार के इस लक्ष्य के मायनों को समझें तो सरकार की योजना MBBS व PG मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी की है. इसी कड़ी में पहले MBBS की सीटों में बढ़ाेतरी की योजना है. असल में NMC ने मेडिकल कॉलेज शुरू करने के नियमों में व्यापक बदलाव किए हैं. ऐसे में कई मेडिकल कॉलेज आने वाले सालों में शुरू किए जाने हैं. इसके साथ ही पुराने मेडिकल कॉलेजों से 150 MBBS सीटों की कैपिंग भी हदा दी गई है. नए नियम के तहत मेडिकल कॉलेज अपनी क्षमता के अनुसार MBBS की सीटें बढ़ा सकते हैं. इन दोनों ही तरीकों से MBBS की सीटों में बढ़ाेतरी होगी. ऐसे में MBBS की सीटें आने वाले सालों में 2 लाख तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही PG सीटों में भी बढ़ोतरी होगी.
MBBS व PG मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी के क्या मायने?
MBBS व मेडिकल PG सीटों में बढ़ोतरी का मतलब देश में मेडिकल एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत होना है. इससे मेडिकल स्टूडेंट्स के साथ ही आग नागरिकों को फायदा मिलेगा. आइए, जानते हैं कि किसको क्या लाभ मिलेगा.
NEET कैंडिडेट्स को फायदा: मौजूदा समय में 20 लाख से अधिक कैंडिडेट्स प्रत्येक साल NEET UG में शामिल होते हैं, लेकिन सीटें सीमित होने की वजह से बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स को MBBS में एडमिशन नहीं मिल पाता है. अगर MBBS की सीटें 2 लाख होती हैं तो कम से कम 2 लाख कैंडिडेट्स को MBBS में एडमिशन मिल सकेगा. इसके साथ ही PG सीटों में बढ़ोतरी से MBBS पूरी कर चुके कैंडिडेट्स को फायदा होगा, उनके पास भी एडमिशन पाने के अधिक मौके होंगे.
आम नागरिकों को फायदा: देश में MBBS व पीजी मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी का जितना फायदा NEET कैंडिडेट्स काे होगा, उससे ज्यादा आम नागरिकों को हाेगा. असल में दूरस्थ क्षेत्रों में नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं. जहां MBBS में एडमिशन दिया जाना है. इसका मतलब ये है कि उस क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवा के लिए मेडिकल कॉलेज मिलेगा. तो वहीं मेडिकल की PG सीटों में बढ़ोतरी का मतलब देश में स्पेशलिस्ट डाॅक्टरों की संख्या में बढ़ोतरी होना है. आज भी देश में बड़ी संख्या में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी है.




