गीतों के माध्यम से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने किया सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
देशभक्ति गीतों, नशामुक्ति के संदेश और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बाराबंकी। ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 में मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने गीत-संगीत और लोकगायन के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को देशप्रेम, नशामुक्ति, शिक्षा और किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सोने लाल एंड पार्टी की संगीतमय प्रस्तुति से हुई। कलाकारों ने देशभक्ति गीत ‘चमके ला तिरंगा झंडा, चांद तो तरैया, हमार देसवा है सोने की चिरैया’ प्रस्तुत कर देशप्रेम की भावना जगाई। इसके बाद ‘छोड़ दा नशा की अदतिया, ऐ सजना’ गीत के माध्यम से नशे की बुरी आदतों से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
इसके उपरांत आल्हा गायक रघुनाथ की पार्टी ने मां सरस्वती की वंदना से अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ किया। कलाकारों ने लोकगायन के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देते हुए बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। वहीं किसान सम्मान निधि योजना पर आधारित प्रस्तुति के जरिए किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
लोकगीतों और पारंपरिक गायन शैली में प्रस्तुत जनजागरूकता कार्यक्रमों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ ही उन्हें सामाजिक सरोकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।





