शिक्षा

QS World Rankings 2027: दुनिया की टॉप 200 टिकाऊ यूनिवर्सिटीज में IIT दिल्ली शामिल, जानें कितनी हैं रैंक

QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 जारी हो गई है. इस बार दुनिया की टॉप 200 टिकाऊ यूनिवर्सिटीज में भारत के केवल एक संस्थान IIT दिल्ली को जगह मिली है. हालांकि, टॉप 500 में भारतीय संस्थानों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 2023 में यह आंकड़ा केवल पांच था. रैंकिंग के मुताबिक, भारत के 38 संस्थानों ने अपनी स्थिति में सुधार किया है. IIT दिल्ली देश का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला संस्थान रहा. वहीं, JNU ने भी तीन साल बाद टॉप 500 में वापसी की है.

QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में IIT दिल्ली भारत का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला संस्थान है. इसे दुनिया में 194वीं रैंक मिली है. इसके साथ ही IIT दिल्ली टॉप 200 में जगह बनाने वाला देश का इकलौता संस्थान बना है. इसके बाद IIT खड़गपुर 224वें और दिल्ली यूनिवर्सिटी 237वें स्थान पर रही. इस रैंकिंग में भारत की कुल 99 एंट्री शामिल हुईं. टॉप 1000 में संस्थानों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर रहा.

सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में क्या देखा जाता है?

QS की यह रैंकिंग बताती है कि विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के लिए कितना काम कर रहे हैं. इसमें केवल एकेडमिक परफॉर्मेंस को आधार नहीं बनाया जाता. रैंकिंग तैयार करते समय क्लाइमेट चेंज से निपटने के प्रयास, पॉल्यूशन कंट्रोल, समान अवसर, रोजगार की संभावनाएं और संस्थान का प्रशासन जैसे पहलुओं को भी देखा जाता है. इसका उद्देश्य ऐसे विश्वविद्यालयों की पहचान करना है जो एनवायरमेंट और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

अमेरिका और चीन का सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व

इस साल की रैंकिंग में अमेरिका के सबसे ज्यादा 214 विश्वविद्यालय शामिल हैं. इसके बाद मुख्य भूमि चीन के 149 और ब्रिटेन के 105 संस्थानों को जगह मिली है. भारत की 99 एंट्री रहीं, जबकि 2026 में यह संख्या 103 थी. टॉप 1000 में भारत और मुख्य भूमि चीन के 42-42 संस्थान शामिल हैं. इस मामले में दोनों देश संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं. अमेरिका के 128 और ब्रिटेन के 84 विश्वविद्यालय इस लिस्ट में शामिल हैं.

JNU की टॉप 500 में वापसी

भारतीय संस्थानों ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार सुधार किया है. 2023 में टॉप 500 में पांच भारतीय संस्थान थे. 2024 में यह संख्या नौ, 2025 में 11 और 2026 में 12 हो गई थी. 2027 में यह बढ़कर 13 पहुंच गई है. जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी ने 2023 के बाद पहली बार टॉप 500 में वापसी की है. वहीं, वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) पहली बार टॉप 300 में पहुंचा है. मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन ने टॉप 400 में जगह बनाई है. इसके अलावा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और सविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज पहली बार टॉप 600 में शामिल हुए हैं.

शिक्षा मंत्री ने की भारतीय संस्थानों की तारीफ

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में भारत की बढ़ती मौजूदगी टिकाऊ भविष्य की दिशा में हायर एजुकेशन संस्थानों के प्रयासों को दिखाती है. उनके मुताबिक, इस बार 38 भारतीय संस्थानों ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और 13 संस्थानों ने टॉप 500 में जगह बनाई है.

Related Articles

Back to top button