अजब-गजब

‘हर कोई किसी से अमीर तो किसी से गरीब है’, बेटे को पिता ने समझाई बराबरी की अहमियत

आज के समय में बच्चों को अच्छी सुविधाएं देना हर माता-पिता की चाहत होती है. लेकिन इन सुविधाओं के बीच बच्चे कहीं जिंदगी की असली हकीकत से दूर न हो जाएं, इसका ध्यान रखना भी जरूरी है. सोशल मीडिया पर एक पिता का ऐसा ही वीडियो चर्चा में है, जिसने अपने बेटे को डांटने या समझाने के बजाय एक अलग अंदाज में जिंदगी का बड़ा सबक सिखाया.

दरअसल, दिवाली के मौके पर एक पिता अपने बेटे के साथ भारतीय रेलवे से सफर कर रहे थे. परिवार को आमतौर पर ट्रेन में फर्स्ट AC या सेकंड AC में यात्रा करने की आदत है. लेकिन इस बार अचानक यात्रा का प्लान बनने और टिकट उपलब्ध न होने की वजह से उन्हें थर्ड AC यानी 3AC में सफर करना पड़ा. बेटे को यह बात कुछ खास पसंद नहीं आई. वह 3AC में मिलने वाली सुविधाओं से खुश नहीं था और उसे वहां सफर करना असहज लग रहा था.

पिता ने अपनाया अनोखा तरीका

बेटे की इस नाराजगी को देखकर पिता ने उसे समझाने का एक अनोखा तरीका निकाला. उन्होंने बेटे को रेलवे के जनरल कोच में ले जाने का फैसला किया, ताकि वह खुद देख सके कि देश के लाखों लोग किस तरह ट्रेन में सफर करते हैं. पिता ने इस पूरे एक्सपीरियंस का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा जनरल कोच के अंदर जाता है. वहां यात्रियों की काफी भीड़ नजर आती है. कोई सीट पर बैठा है, तो कोई फर्श पर अपना सामान रखकर बैठा हुआ है. कई लोग बर्थ के नीचे और गलियारे में भी जगह बनाकर सफर कर रहे हैं. यहां तक कि कोच के दरवाजे और वेस्टिब्यूल के आसपास भी यात्रियों की मौजूदगी दिखाई देती है.

पिता ने वीडियो के साथ बताया कि उनका बेटा आमतौर पर फर्स्ट या सेकंड क्लास में सफर करता है. इसलिए 3AC में थोड़ी कम सुविधाएं मिलने पर वह असहज महसूस कर रहा था. पिता के मुताबिक, वह चाहते थे कि उनका बेटा समझे कि हर किसी की जिंदगी और परिस्थितियां एक जैसी नहीं होतीं.

उन्होंने कहा कि बेटे को यह बताना जरूरी था कि किसी जरूरी काम या परिस्थिति में आराम से ज्यादा उस समय की जरूरत को महत्व देना चाहिए. उन्होंने यह भी समझाया कि किसी इंसान की इज्जत उसके कपड़ों, पैसे या यात्रा के तरीके से तय नहीं होती. दुनिया में हर व्यक्ति बराबर है और सभी का अपना महत्व है.

यह भी पढ़ें: खाली डाइट कोक का कैन डालने पर लड़कों से भिड़ा दुकानदार, शख्स की बात सुन लोग हुए हैरान

पिता ने आगे कहा कि जिंदगी में हर कोई किसी न किसी से ज्यादा अमीर होता है और किसी दूसरे से कम. इसलिए न तो खुद को दूसरों से बड़ा समझना चाहिए और न ही किसी के सामने खुद को छोटा महसूस करना चाहिए. उन्होंने इतिहास का उदाहरण देते हुए बताया कि करीब 300 साल पहले किसानों के पास काफी संपत्ति हुआ करती थी, जबकि कामकाजी वर्ग को कम सम्मान मिलता था. समय के साथ समाज में अमीरी और गरीबी की परिभाषा बदलती रहती है. आज जो अमीर है, जरूरी नहीं कि आने वाले 100 सालों में भी उसकी स्थिति वैसी ही रहे.

पिता की इस सोच और परवरिश के तरीके को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. कई लोगों ने उनके अंदाज की तारीफ करते हुए इसे बच्चों को संस्कार और इंसानियत सिखाने का अच्छा तरीका बताया. एक यूजर ने लिखा, ‘यही होती है असली परवरिश.’ वहीं दूसरे ने कहा कि हर माता-पिता को अपने बच्चों को इस तरह जिंदगी की सच्चाई समझानी चाहिए. एक अन्य यूजर ने लिखा कि बचपन से ही बच्चों को विनम्र रहना सिखाना बेहद जरूरी है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Naveen Gupta (@naveen1980) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button