आखिर कब आएगा जिंदगी का परफेक्ट टाइम? 40 साल के शख्स ने 1 मिनट में समझा दी पूरी बात

हम सभी चाहते हैं कि जिंदगी में एक ऐसा समय आए, जब सबकुछ हमारी मर्जी के मुताबिक हो. न कोई टेंशन हो, न पैसों की परेशानी और न ही रिश्तों में कोई उलझन. अक्सर हम सोचते हैं कि जब ये सारी चीजें ठीक हो जाएंगी, तब खुलकर जिएंगे और खुश रहेंगे. लेकिन क्या सच में जिंदगी में ऐसा कोई परफेक्ट टाइम आता है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी सोच पर सवाल उठाता है. इसमें एक शख्स ने बेहद आसान शब्दों में समझाया है कि खुश रहने के लिए किसी खास दिन या सही समय का इंतजार करना कितना बेकार है.
इंस्टाग्राम पर Sami_bowy नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो की शुरुआत काफी दिलचस्प है. शख्स कहता है, ‘जिस बात को समझने में मुझे 40 साल लग गए, उसे मैं तुम्हें सिर्फ 1 मिनट में समझा दूंगा.’ इसके बाद वह जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी सच्चाई बताता है, जिसे हममें से ज्यादातर लोग जानते तो हैं, लेकिन शायद कभी गंभीरता से नहीं समझते.
40 साल में सीखी बात को 1 मिनट में समझाया
उसका कहना है कि जिंदगी में कभी भी ऐसा कोई परफेक्ट टाइम नहीं आता, जब सबकुछ बिल्कुल सही हो. हम अक्सर अपनी खुशी को आने वाले कल से जोड़ देते हैं. सोचते हैं कि नौकरी अच्छी हो जाएगी तो खुश रहेंगे, अच्छी कमाई होने लगेगी तो सुकून मिलेगा या फिर रिश्तों की परेशानियां खत्म हो जाएंगी तो जिंदगी बेहतर हो जाएगी. लेकिन असल जिंदगी इस तरह नहीं चलती.
वीडियो में वह आगे समझाता है कि जीवन में किसी न किसी तरह की परेशानी बनी ही रहती है. अगर आपकी सेहत अच्छी है तो हो सकता है कि करियर में कुछ ठीक न चल रहा हो. करियर अच्छा चल रहा है तो पैसों की चिंता हो सकती है. अगर फाइनेंस की स्थिति बेहतर है तो रिश्तों में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं.
यानी जिंदगी में हर चीज एक साथ परफेक्ट हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है. हम अक्सर एक समस्या के खत्म होने का इंतजार करते हैं. मन में सोचते हैं कि बस यह परेशानी दूर हो जाए, फिर आराम से जिंदगी का मजा लेंगे. लेकिन जैसे ही एक मुश्किल खत्म होती है, कोई दूसरी चुनौती सामने खड़ी हो जाती है. यह सिलसिला लगातार चलता रहता है.
इस वीडियो में बताई गई सबसे जरूरी बात यही है कि अगर आप अपनी खुशी को सारी परेशानियां खत्म होने से जोड़ देंगे तो शायद ही कभी खुश रह पाएंगे. जरा पीछे मुड़कर अपनी जिंदगी को देखिए. क्या आपको कोई ऐसा दौर याद आता है, जब सबकुछ एकदम सही था? जब न भविष्य की चिंता थी, न पैसों का तनाव और न ही किसी तरह की दूसरी परेशानी?
शायद ऐसा समय याद करना मुश्किल होगा. क्योंकि जिंदगी का दूसरा नाम ही चुनौतियां हैं. हर उम्र और हर पड़ाव पर समस्याएं बदलती रहती हैं. इसलिए जरूरी है कि हम मुश्किलों के बीच भी छोटी-छोटी खुशियां ढूंढना सीखें. जिंदगी के अच्छे पलों को सिर्फ इसलिए नजरअंदाज न करें कि अभी कुछ चीजें हमारी उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रही हैं.
यह भी पढ़ें: 19 दिन बाद खुली मां गंगा, पानी की सफाई देखकर लोगों की आंखें रह गईं खुली की खुली!
इस वीडियो को देखने वाले लोग भी शख्स की बातों से सहमत नजर आ रहे हैं. कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने माना कि उन्हें भी जिंदगी की यह सच्चाई समझने में काफी वक्त लगा. एक यूजर ने लिखा कि उसे यह बात समझने में 35 साल लग गए. वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि इस दुनिया में कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




