2.5 साल से लापता महिला को Google और ChatGPT ने अपने परिवार से मिलवाया, जानिए कैसे हुआ कमाल

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल अभी तक आप अपने मन में आने वाले सवालों का जवाब खोजने या फिर ऑफिस के कामों के लिए किया होगा. AI से जुड़ा अब ऐसा मामला सामने आया है, जो आपको खुश कर देगा.महाराष्ट्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां 2.5 साल से भी ज्यादा समय से अपने परिवार से बिछड़ी एक महिला को उसके घर तक पहुंचाने में ममद मिली. 45 साल की जुलेखा मुखीद शेख मानसिक रूप से परेशान हालत में अपने घर से दूर चली गई थीं और फिर उनका परिवार के साथ संपर्क टूट गया. इसी मामले में गूगल और ChatGPT जैसे एडवांस टूल्स की सहायता से उनका पैतृक ठिकाना खोज लिया गया और परिवार से उनका मिलन हो गया.
यह मामला महाराष्ट्र के परभणी जिले का है. अधिकारियों का कहना है कि जुलेखा मुखीद शेख को 3 अप्रैल 2024 को सिंधुदुर्ग के पांडुर स्थित संविता आश्रम में भर्ती कराया गया था. उन्हें मुंबई के कुर्ला स्थित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश पर आश्रम भेजा गया था. इस मामले में कोलाबा पुलिस और चेंबूर स्थित सरकारी महिला भिक्षुक गृह के एक प्रोबेशन अधिकारी ने भी पहल की थी.
बातचीत से मिली महिला के घर की जानकारी
जुलेखा को उनके परिवार से मिलाने की कोशिश काफी समय से चल रही थी. जीवन आनंद संस्था के ट्रस्टी किसान चौरे और उनकी टीम ने इस काम की जिम्मेदारी संभाली. टीम के सदस्यों ने जुलेखा से लगातार बातचीत की. साथ ही उनकी पुरानी जिंदगी, रहने की जगह और फैमिली से जुड़ी जानकारियां खोजने का भी प्रयास किया गया.
बातचीत से मिले इशारों को डिजिटल टूल्स की सहायता से खंगाला गया. टीम ने गूगल सर्च और ChatGPT का प्रयोग करके उनके पैतृक गांव और इलाके की जानकारी खोजी. साथ ही परभणी की निर्भया पुलिस टीम से संपर्क किया गया. पुलिस की सहायता से जुलेखा के रिश्तेदारों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ.
2.5 साल बाद पति लेने पहुंचे आश्रम
परिवार से संपर्क होने के बाद जुलेखा और उनके परिजनों के बीच फोन पर बातचीत कराई गई. करीब ढाई साल बाद अपनों की आवाज सुनने का मौका मिला. इसके बाद उनके पति मुखीद शेख 9 नवंबर को संविता आश्रम पहुंचे. यहां से वह जुलेखा को अपने साथ घर ले गए.
इस सफल अभियान पर खुशी जाहिर करते हुए किसान चौरे ने कहा कि कहा कि जुलेखा के साथ धैर्यपूर्वक की गई बातचीत और गूगल सर्च और चैटजीपीटी जैसे डिजिटल टूल्स के सही इस्तेमाल से ही ही यह संभव हो सका है. उन्होंने परभणी की निर्भया पुलिस टीम का भी आभार जताया, जिनके तालमेल से एक बिछड़ा हुआ परिवार फिर से एक हो सका.
ये भी पढे़ंः तुम मर जाओ Nvidia के पूर्व CEO का कैसा था असली चेहरा?, कर्मचारी ने किया चौंकाने वाला खुलासा!
ये भी पढ़ेंः Microsoft आउटेज से हुआ नुकसान? कंपनी वापस करेगी आपका पैसा, बस करना होगा ये काम




