eMudhra यूजर्स सावधान! कंप्यूटर में रखी फाइलों के नाम हो सकते हैं लीक, सरकार ने जारी किया अलर्ट

डिजिटल दुनिया में हर दिन साइबर फ्रॉड का खतरा बढ़ता ही जा रहा है. इसी बीच एक बार फिर से सरकारी कामकाज और जरूरी पोर्टल पर इस्तेमाल होने वाले टूल्स की सेफ्टी पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. अगर आप भी इनकम टैक्स रिटर्न भरने, कंपनी से जुड़े काम या फिर दूसरी सरकारी सर्विस के लिए डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल करते हैं, तो जरा सावधान हो जाइए. भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने साइबर सिक्योरिटी को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है. आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है और इससे बचने के लिए आपको क्या कदम उठाने होंगे.
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने eMudhra के emBridge सॉफ्टवेयर को लेकर सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है. सिक्योरिटी अलर्ट में सॉफ्टवेयर की एक ऐसी कमी मिली है, जिसकी मदद से साइबर अपराधी किसी भी यूजर के डिवाइस में मौजूद फाइलों और फोल्डर के नाम की डिटेल्स जान सकते हैं. लेकिन, राहत की बात यह है कि इस खामी के जरिए फाइलों को खोला या उनमें मौजूद जानकारी को पढ़ा नहीं जा सकता. यह पहला मौका नहीं है जब eMudhra की सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे हों. अभी हाल ही में कंपनी के डिजिटल सर्टिफिकेट सिस्टम में सुरक्षा खामी सामने आई थी.
क्या है emBridge सॉफ्टवेयर और कहां होता है इस्तेमाल?
eMudhra का emBridge एक ऐसा सॉफ्टवेयर है, जो सरकारी वेबसाइटों को यूजर के कंप्यूटर में मौजूद डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करने में सहायता करता है. सरल शब्दों में समझें तो जब आप किसी सरकारी पोर्टल पर डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन करते हैं, तो यह सॉफ्टवेयर काम आता है.
इसका इस्तेमाल मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स के MCA V3 पोर्टल, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड और नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम जैसे प्लेटफॉर्म पर होता है. साथ ही इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर भी डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट के लिए भी इसका इस्तेमाल होता है.
कैसे काम करती है यह सुरक्षा खामी?
CERT-In के अनुसार, emBridge के FileBrowser API में जरूरी सिक्योरिटी जांच की कमी पाई गई है. इसी कारण से हमलावर एक खास तरह का वेबपेज तैयार कर सकते हैं. अगर यूजर उसी लोकल नेटवर्क से कनेक्ट हुआ है, जहां हमलावर मौजूद है, तो इस तरीके से उसके डिवाइस में सेव फाइलों और फोल्डर के नाम की डिटेल्स पता किए जा सकते हैं.
लेकिन, इस खामी का मतलब यह नहीं है कि कोई भी आपकी पर्सनल फाइल को ओपन कर सकता है. CERT-In ने यह भी साफ किया है कि हमलावर न तो फाइलों को पढ़ सकते हैं और न ही उनमें बदलाव कर सकते हैं. इसके साथ ही फाइल डिलीट करने, मैलवेयर चलाने या डिजिटल सिग्नेचर कीज और हार्डवेयर टोकन के PIN तक पहुंच बनाने का खतरा भी इस खामी से नहीं है.
किन यूजर्स को करना होगा सॉफ्टवेयर अपडेट?
यह समस्या Windows के emBridge वर्जन 5.9.1.x से 5.9.3.x तक, macOS के 3.2.4.x से 3.2.6.x तक और Ubuntu व Red Hat के 3.2.0.x से 3.3.0.x तक के वर्जन में मिली है. इससे बचने के लिए Windows यूजर्स को 5.9.4.x या इसके बाद का वर्जन, macOS यूजर्स को 3.2.7.x या नया वर्जन और Ubuntu व Red Hat यूजर्स को 3.3.1.x या इसके बाद का वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए.
eMudhra का कहना है कि कंपनी ने 11 नवंबर को ही इस खामी को ठीक कर दिया था. इसके लिए emBridge से FileBrowser API के संबंधित एंडपॉइंट हटा दिए गए हैं. कंपनी के अनुसार, अब इस सॉफ्टवेयर के जरिए फाइलों के नाम जुटाने की सुविधा मौजूद नहीं है. ऐसे में अगर आपके कंप्यूटर में emBridge का पुराना वर्जन है, तो उसे जल्द अपडेट कर लें.
ये भी पढे़ंः WhatsApp Support से बात करने पर क्या-क्या जान जाती है कंपनी? जानिए प्राइवेसी से जुड़ी जरूरी बातें
ये भी पढे़ंः जेंसन हुआंग के जाने से Nvidia में नाराजगी, रोबोटिक्स इंजीनियर Darrell Dai ने दिया इस्तीफा, कही बड़ी बात




