राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर उपायुक्त, गोड्डा ने जिले के समस्त पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को दी शुभकामनाएं।

लोकतंत्र की मजबूती, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा समाज को जागरूक बनाने में प्रेस एवं मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण :- उपायुक्त।
डा o दिलीप कुमार झा वरिष्ठ पत्रकार झारखंड ।
दिनांक —16/11/2026
गोड्डा । राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा ने जिले के समस्त पत्रकारों, संपादकों, संवाददाताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता किसी भी सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रेस न केवल समाज को सही एवं तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराने का माध्यम है, बल्कि यह जनमानस की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया जनहित के मुद्दों को सामने लाने, सामाजिक समस्याओं को उजागर करने तथा सरकार एवं प्रशासन को जनभावनाओं से अवगत कराने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को जागरूक करना, सकारात्मक बदलाव को प्रोत्साहित करना तथा आम नागरिकों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा में अपनी भूमिका निभाना है। वर्तमान समय में सूचना एवं संचार के तेजी से बदलते स्वरूप के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। ऐसे में समाचारों की सत्यता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता एवं तथ्यपरकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों के प्रसार को रोकने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने जिले के सभी पत्रकारों से अपील की कि वे अपनी लेखनी एवं समाचारों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, जागरूकता, सामाजिक सद्भाव एवं जनहित की भावना को निरंतर प्रोत्साहित करते रहें। साथ ही, विकास के मुद्दों, जनसमस्याओं एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते रहें।
अंत में उपायुक्त, गोड्डा लोकेश मिश्रा ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है।



