‘कॉफी विद करण 9’ में शाहरुख खान का स्पेशल अपीयरेंस, फिनाले एपिसोड में इन दो स्टारकिड्स का भी होगा डेब्यू

Koffee With Karan 9: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के फैंस के लिए एक बेहद खास खबर सामने आई है. फिल्ममेकर करण जौहर के लोकप्रिय सेलिब्रिटी चैट शो ‘कॉफी विद करण सीजन 9’ के ग्रैंड फिनाले एपिसोड में शाहरुख खान एक बार फिर काउच पर नजर आने वाले हैं. खास बात ये है कि करण जौहर पहले ही ये ऐलान कर चुके हैं कि सीजन 9 इस आइकॉनिक शो का आखिरी सीजन होगा. ऐसे में शो को विदाई देने के लिए खुद किंग खान इसकी कमान संभालते दिखेंगे.
शाहरुख खान की मौजूदगी ‘कॉफी विद करण’ के इतिहास के लिए एक ‘फुल सर्कल मोमेंट’ की तरह है. दरअसल, साल 2004 में जब इस शो की शुरुआत हुई थी, तब शाहरुख खान ही सबसे पहले मेहमान बनकर आए थे. उस पहले एपिसोड में उनके साथ एक्ट्रेस काजोल नजर आई थीं. अब दो दशकों से भी ज्यादा समय बाद जब ये शो हमेशा के लिए विदा ले रहा है, तो इसके आखिरी एपिसोड में शाहरुख की वापसी फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है. यानी जिस तरह इस शो का सफर शुरू हुआ था, उसी तरह खत्म हो रहा है.
करण जौहर के जुड़वा बच्चों का डेब्यू
ग्रैंड फिनाले में सिर्फ शाहरुख खान अकेले मेहमान नहीं होंगे. कहा जा रहा है कि इसी खास एपिसोड के जरिए करण जौहर के जुड़वा बच्चे रूही और यश भी इस शो पर डेब्यू करने जा रहे हैं. शाहरुख खान इस एपिसोड का एक बेहद खास हिस्सा होंगे, लेकिन वो पूरे एपिसोड के दौरान स्क्रीन पर मौजूद नहीं रहेंगे. शो में उनका स्पेशल अपीयरेंस होगा. उन्हीं के साथ करण के दोनों बच्चे भी शो पर नजर आएंगे.
View this post on Instagram
अब तक करण के शो पर कौन-कौन पहुंचा?
‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन के अब तक 6 एपिसोड रिलीज हो चुके हैं, जिनमें बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई सितारे शिरकत कर चुके हैं. इस लिस्ट में सलमान खान, रश्मिका मंदाना, विजय देवरकोंडा, वरुण धवन, जान्हवी कपूर, सैफ अली खान, करीना कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी, अनन्या पांडे और अनन्या बिरला जैसे नाम शामिल हैं.
आने वाले एपिसोड्स में भी कई दिलचस्प जोड़ियां नजर आने वाली हैं. खबरों के मुताबिक सारा अली खान और इब्राहिम अली खान, आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट, डिंपल कपाड़िया और ट्विंकल खन्ना भी एक साथ काउच शेयर करेंगे. इनके अलावा मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ और कॉमेडियन समय रैना भी अलग-अलग एपिसोड्स में करण के सवालों का सामना करते दिखेंगे.
ये भी पढ़ें-
रणबीर कपूर की रामायण ने 11 दिन में 1800 करोड़ी धुरंधर 2 को छोड़ा पीछे!
मोनालिसा ने इंस्टाग्राम पर लीक कर दिया अपना फोन नंबर, बोलीं- जल्दी कॉल करो
‘किंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं शाहरुख खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी मच-अवेटेड फिल्म ‘किंग’ को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं. 24 दिसंबर को रिलीज होने जा रही ये फिल्म शाहरुख और उनके परिवार के लिए बेहद खास है, क्योंकि इसके जरिए उनकी बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं. इस मल्टी-स्टारर फिल्म में शाहरुख और सुहाना के साथ दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत और अभिषेक बच्चन भी अहम किरदार में नजर आएंगे.




