देश

बिहार: जनता फ्लैट में रुई के गोदाम में भीषण आग

बिहार: जनता फ्लैट में रुई के गोदाम में भीषण आग

बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित जनता फ्लैट के पास मंगलवार सुबह रुई के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। सुबह करीब चार बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखी रुई और अन्य सामान जलकर राख हो गए। वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दमकल की तीन से चार गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

सुबह चार बजे लगी आग, दमकल की तीन-चार गाड़ियों ने पाया काबू
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे जनता फ्लैट के पास स्थित रुई के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत की और घंटों बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में गोदाम में रखी रुई समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, कुल कितने रुपये का नुकसान हुआ है, इसका वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है।

कारोबारी बोले- दुकान से चिंगारी निकलने की मिली थी सूचना
रुई कारोबारी राहुल कुमार ने बताया कि रात में उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी दुकान से चिंगारी निकल रही है। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि गोदाम में आग लगी हुई है। इसके बाद सुबह करीब चार बजे फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गोदाम में रखा सामान बचाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

आग देखकर घरों से बाहर भागे लोग, इलाके में मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग डर गए। अपनी सुरक्षा को देखते हुए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। काफी देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घनी आबादी में रुई के गोदाम को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घनी आबादी वाले जनता फ्लैट के पास रुई का कारोबार किए जाने पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि रुई जैसे ज्वलनशील सामान का भंडारण और कारोबार घनी बस्ती में किसकी अनुमति से किया जा रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह और गोदाम में सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का पता चल सकेगा।

आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com

Related Articles

Back to top button