Ra.One Sequel: शाहरुख खान की ‘रा.वन’ का बनेगा सीक्वल? विलेन बने अर्जुन रामपाल ने दिया झन्नाटेदार अपडेट

Ra.One Sequel: बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान लंबे वक्त बाद वापसी करने जा रहे हैं. दिसंबर में उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी. 2023 में उनकी आखिरी फिल्म रिलीज हुई थी, उसके बाद से ही किसी भी प्रोजेक्ट में नहीं दिखे हैं. खैर, इसी बीच उनकी कई कल्ट फिल्मों के सीक्वल पर अपडेट आते रहे हैं. अब बारी ‘रा.वन’ की है. साल 2011 में यह सुपरहीरो फिल्म रिलीज हुई थी, जिसे अनुभव सिन्हा ने बनाया था. जहां शाहरुख ने डबल रोल किया था, वहीं पिक्चर में अर्जुन रामपाल ही विलेन के किरदार में थे. अब एक्टर ने फिल्म के सीक्वल पॉसिबिलिटी पर बात की है.
हाल ही में अर्जुन रामपाल ने वैरायटी इंडिया से बातचीत की. इस दौरान एक्टर ने क्लीयर किया कि ”मुझे लगता है कि यह अपने समय से काफी आगे की फिल्म थी. इसका कॉन्सेप्ट बहुत शानदार था. उस समय जो नई पीढ़ी सामने आ रही थी, उस पर आज भी इस फिल्म का गहरा असर है.
अर्जुन रामपाल के बेटे को पसंद है ‘रा.वन’
अर्जुन रामपाल ने बताया कि, ”मेरे बेटे ने इसे देखा है और उसे यह बहुत पसंद आई. वो मुझसे कहता है कि यह मेरी सबसे ‘कूल’ फिल्म है. और उसे ‘रा.वन’ बहुत पसंद है.” दरअसल यह काफी अलग कॉन्सेप्ट पर बनाई गई फिल्म थी.
सीक्वल को लेकर एक्टर ने क्या कहा?
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि, ‘रा.वन 2’ के आइडिया के लिए तैयार हैं? तो अर्जुन रामपाल ने कहा कि यह फैसला प्रोड्यूसर्स को लेना है, लेकिन उन्हें लगता है कि कहानी को आगे बढ़ाने की गुंजाइश है. वो कहते हैं, ”यह तय करना मेरे हाथ में नहीं है. मुझे लगता है कि यह फैसला प्रोड्यूसर्स को ही लेना होगा. मुझे लगता है कि इसका सीक्वल बनाया जा सकता है. और यह आज की पीढ़ी को भी पसंद आएगा.”
कुल मिलाकर एक्टर के हिसाब से फिल्म का सीक्वल बन सकता है, पर बनेगा या नहीं. इसे लेकर उन्हें फिलहाल कोई भी जानकारी नहीं है. इसी रिपोर्ट से पता लगा कि, क्रिएटिव टीम ने भी सीक्वल की संभावना पर चर्चा की है. दरअसल खुद शाहरुख खान भी इस किरदार को दोबारा निभाने के लिए एक्साइटेड दिखे हैं.हालांकि, यह फैसला अनुभव सिन्हा पर निर्भर करेगा, क्योंकि उनके मुताबिक, इस फिल्म को दोबारा बनाने के लिए अनुभव सिन्हा ही सही फिल्ममेकर हैं. फरवरी 2026 में सिन्हा ने भी कहा कि वो शाहरुख खान के साथ ‘रा.वन 2’ बनाना चाहते हैं.
उन्होंने खुद कंफर्म किया था कि इसमें काफी समय लगेगा. उनके मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में दो से तीन साल लग सकते हैं.




