Guruji Mahasatsang: गुरुजी महासत्संग में फूट-फूट कर रोईं चाहत खन्ना, भूमि-हिमेश समेत जुटे ये सितारे

Guruji Mahasatsang: 16 नवंबर को मुंबई के होटल आईटीसी मराठा में गुरुजी यानी निर्मल सिंह जी महाराज का वार्षिक महासत्संग बेहद भव्य और आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुआ. इस अवसर पर गुरुजी का आशीर्वाद लेने के लिए हजारों श्रद्धालुओं के साथ-साथ बॉलीवुड और टीवी जगत के कई जाने-माने चेहरे भी पहुंचे. सत्संग से सामने आए वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें सितारे पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं.
सत्संग के वायरल वीडियोज में एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आईं. पर्पल रंग के ट्रेडिशनल सूट में सजीं भूमि ने गुरुजी की आरती उतारी और काफी देर तक हाथ जोड़कर शांत भाव से सत्संग में लीन बैठी रहीं. वहीं, एक वीडियो में टीवी एक्ट्रेस चाहत खन्ना आरती के दौरान आंखें बंद किए और हाथ जोड़े फूट-फूटकर रोती हुई दिखाई दीं. इसके अलावा एक्टर नील नितिन मुकेश ने पूरी श्रद्धा के साथ सत्संग में आए भक्तों को अपने हाथों से प्रसाद वितरित कर सेवा की.
View this post on Instagram
इन फिल्मी हस्तियों ने भी दर्ज कराई मौजूदगी
गुरुजी के भतीजे गुरुप्रीत नवदीप सिंह गौरव की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में कीर्तन और भजनों के बाद भक्तों ने गुरुजी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उनके आशीर्वाद से उनके जीवन में बदलाव आया. इस महासत्संग में टी-सीरीज के चेयरमैन भूषण कुमार, सिंगर-कंपोजर हिमेश रेशमिया, एक्ट्रेस सेलिना जेटली, ऑस्कर विजेता प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा, संगीतकार ललित पंडित, रोहन गंडोत्रा, सोनाली सहगल, साहिल सलाथिया, पूजा चोपड़ा, राय लक्ष्मी, गुरप्रीत कौर चड्ढा, सिद्धार्थ सिबल, सरगम सिंह, रश्मि आर्या, ऋषभ साहनी और मोजेज सिंह समेत कई सेलेब्स शामिल हुए.
कौन हैं ‘छतरपुर वाले गुरुजी’ या ‘शुक्राना गुरुजी’?
‘छतरपुर वाले गुरुजी’ ,’दुगरी वाले गुरुजी’ या ‘शुक्राना गुरुजी’ नाम से मशहूर गुरुजी को उनके अनुयायी भगवान शिव का अवतार मानते हैं. उनका असली नाम निर्मल सिंह जी महाराज था और उनका जन्म 7 जुलाई 1952 को पंजाब के दुगरी गांव में हुआ था. सालों से आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां उनकी भक्त रही हैं, जिनमें हेमा मालिनी, जैकलीन फर्नांडीज और कपूर परिवार के सदस्य शामिल हैं. दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर और खुद भूमि पेडनेकर अपने घर पर गुरुजी के सत्संग का आयोजन कर चुके हैं, वहीं जैकलीन फर्नांडीज भी दिल्ली स्थित गुरुजी के शिव मंदिर में दर्शन के लिए जाती रही हैं.




