Student Of The Year After Dark Review: मर्डर मिस्ट्री, ग्लैमर और ट्विस्ट्स का डार्क कॉकटेल, कैसी है शनाया कपूर की थ्रिलर सीरीज?

Student Of The Year: After Dark Review- करण जौहर के बैनर तले बने ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ फ्रेंचाइजी से हम सब वाकिफ हैं, चमक-दमक, महंगे ब्रांड्स, त्रिकोण प्रेम कहानियां और ट्रॉफी जीतने की जंग. लेकिन जब इसी नाम के साथ ‘आफ्टर डार्क’ जुड़ जाता है, तो समझ लीजिए कि दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है.
करण जौहर की धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई ये 6 एपिसोड की सीरीज उस यूथ ड्रामे को एक खतरनाक, खौफनाक और सस्पेंस से भरे क्राइम थ्रिलर में बदल देती है. लेकिन सवाल ये है कि क्या कैंपस की मस्ती और मर्डर मिस्ट्री का यह अजीबोगरीब मेल दर्शकों को पसंद आएगा? क्या शनाया कपूर इस बड़ी जिम्मेदारी को संभाल पाई हैं? आइए, इस पर विस्तार से चर्चा करते हैं.
कहानी
सीरीज की कहानी शुरू होती है एलीट ‘सेंट टेरेसा कॉलेज’ से, जहां कैंपस की फैशनिस्ता और ‘क्वीन बी’ कही जाने वाली आयशा मलिक (शनाया कपूर) की लाश एक जमी हुई झील में मिलती है. हर कोई इसे एक दर्दनाक हादसा मानकर भूलने की कोशिश करता है. लेकिन असली ड्रामा तब शुरू होता है जब आयशा की जुड़वां बहन अदिति मलिक (शनाया कपूर ही) की एंट्री होती है. दोनों बहने लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थीं, लेकिन आयशा की मौत ने अदिति को अंदर से झकझोर कर रख दिया है. अदिति को जरा भी यकीन नहीं होता कि उसकी बहन मर सकती है. उसे साफ लगता है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या (मर्डर) है.
सच की तलाश में अदिति खुद उसी कॉलेज में दाखिला ले लेती है. जैसे-जैसे वो तह तक जाती है, वैसे-वैसे कॉलेज के उस प्रतिष्ठित ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ मुकाबले के पीछे छुपे खतरनाक और गंदे राज बाहर आने लगते हैं. इसके बाद जो चूहे-बिल्ली का खेल शुरू होता है, वो देखने के लिए आपको जियोहॉटस्टार पर जाना होगा, जहां स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क स्ट्रीम हो रही है.
क्राइम थ्रिलर में बदला ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’
निर्देशन और ट्रीटमेंट
निर्देशिका रीमा माया (रीमा गुप्ता) ने इस प्रोजेक्ट में कमाल का काम किया है. उन्होंने कैंपस की चमक-दमक और एक मर्डर मिस्ट्री की डार्क दुनिया को जिस खूबसूरती से आपस में गूंथा है, वह तारीफ के काबिल है. कहानी पहले ही मिनट से अपनी पकड़ बना लेती है और रफ्तार इतनी तेज है कि आप बोर होने का मौका ही नहीं ढूंढ पाते. हालांकि, हर सिक्के के दो पहलू होते हैं. सीरीज के बीच के कुछ एपिसोड्स में रफ्तार थोड़ी सुस्त जरूर पड़ती है, और स्क्रीनप्ले थोड़ा हांफने लगता है. अदिति के इमोशनल दुख और उसके सदमे को थोड़ा और गहराई से दिखाया जा सकता था, क्योंकि वह सीधे इन्वेस्टिगेशन में कूद पड़ती है. इसके बावजूद, सटीक डायलॉग्स, अच्छा बैकग्राउंड स्कोर और शानदार सिनेमैटोग्राफी इस थ्रिलर के माहौल को पूरी तरह जमाए रखती है.
एक्टिंग
इस पूरी सीरीज की रीढ़ अगर कोई है, तो वो हैं शनाया कपूर. दो अलग-अलग किरदारों (आयशा और अदिति) में उन्होंने जिस तरह खुद को ढाला है, वह चौंकाने वाला है. एक तरफ आयशा का वो नखरेला, चकाचौंध से भरा और वाइब्रेंट अंदाज है, तो दूसरी तरफ अदिति की वो आंखें जिनमें गुस्सा, दर्द और जिद साफ झलकती है. शनाया ने दोनों शेड्स को इतनी सहजता से निभाया है कि पहली ही वेब सीरीज में उनका कॉन्फिडेंस साफ दिखता है. को-एक्टर्स की बात करें तो दिविक शर्मा और मान्या ग्रोवर अपनी दमदार परफॉर्मेंस से ध्यान खींचते हैं. इसके अलावा शीबा चड्ढा, आदि मलिक, मन्नत दुग्गल, दीया दामिनी और अभिनव सिंह जैसे मंजे हुए कलाकार इस पूरी स्टार कास्ट ने अपने किरदारों को न्याय देने की पूरी कोशिश की है.
6 एपिसोड की यह मर्डर मिस्ट्री
देखें या नहीं?
जैसा कि हमने कहा, बीच के कुछ एपिसोड्स में कहानी थोड़ी लंबी खिंचती महसूस होती है. कई बार ऐसा लगता है कि मेकर्स ने थ्रिल पैदा करने के लिए कुछ ट्विस्ट्स जबरदस्ती ठूंस दिए हैं. लेकिन इसकी यूनीक कहानी, शनाया की एक्टिंग, और सीरीज का सस्पेंस आखिरी एपिसोड तक आपको अपनी सीट से बांधे रखता है. टेकनीक के मामले में सीरीज बेहद रिच और स्टाइलिश है.
अगर आप पारंपरिक ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ वाली लव स्टोरी देखने की उम्मीद कर रहे हैं, तो अपना मन बदल लीजिए. ये सीरीज उससे कोसों दूर, अंधेरे गलियारों में ले जाती है. अगर आपको मर्डर मिस्ट्री, कॉलेज की पॉलिटिक्स और स्टाइलिश थ्रिलर्स देखना पसंद है, तो इस वीकेंड जियोहॉटस्टार पर इस डार्क कैंपस का चक्कर जरूर लगाइए. निराश नहीं होंगे!




