चार साल तक 38 लाख रुपये महीना भरेंगे आमिर खान, किराए पर लिए तीन लग्जरी अपार्टमेंट, क्या है खासियत

Aamir Khan Property: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान अपनी फिल्मों से खूब पैसा कमाते हैं. वैसे तो वो बॉलीवुड के मोस्ट डाउन टू अर्थ सेलिब्रेटी में से एक हैं. लेकिन जहां जरूरत है वहां आमिर पैसा भी लगाते हैं. इस वक्त आमिर ने 3 लग्जरी अपार्टमेंट किराए पर लिए हैं. उनके ये फ्लैट 4 साल के लीज पर हैं, जिसका किराया लाखों में है. ये तीनों ही अपार्टमेंट मुंबई के सांताक्रूज में हैं और काफी लग्जरी भी हैं. CRE Matrix के हाथ लगे प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, आमिर खान को इन तीनों अपार्टमेंट के लिए 38 लाख रुपये हर महीने भरने होंगे.
यह एग्रीमेंट 48 महीने यानी चार साल के लिए किया गया है. इसकी शुरुआत 1 जनवरी 2027 से होगी और यह 31 दिसंबर 2030 तक चलेगा। हर साल किराए में 5 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. इसके अलावा, आमिर खान ने कुल 38 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट दिया है, जो एक महीने के किराए के बराबर है, मौजूदा किराए के हिसाब से एक साल का कुल खर्च 4.56 करोड़ रुपये होगा.
किस अपार्टमेंट का कितना है किराया?
दस्तावेजों के मुताबिक, सबसे बड़े अपार्टमेंट का मासिक किराया 20 लाख रुपये है, जबकि बाकी दोनों अपार्टमेंट का किराया 9-9 लाख रुपये प्रति महीना है. इस तरह आमिर खान हर महीने कुल 38 लाख रुपये किराया देंगे. तीनों अपार्टमेंट के साथ तीन-तीन कार पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी. यानी कुल 9 कारों की पार्किंग की व्यवस्था है. लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट सीजन्स एवेन्यूज प्रॉपर्टीज और आमिर हुसैन खान के बीच हुआ है.
क्या है अपार्टमेंट की खासियत?
आमिर के ये तीनों अपार्टमेंट काफी ज्यादा बड़े हैं और लग्जरी हैं. वैसे ये कितने BHK के हैं तो जानकारी नहीं है. लेकिन इनका एरिया जरूर बताया गया है. तीनों अपार्टमेंट बिल्डिंग की 14वीं, 12वीं और 11वीं मंजिल पर हैं. इनका कारपेट एरिया क्रमशः 6,200 वर्ग फुट, 3,000 वर्ग फुट और 3,000 वर्ग फुट है. इस तरह तीनों अपार्टमेंट का कुल कारपेट एरिया 12,200 वर्ग फुट है. ये सभी अपार्टमेंट सांताक्रूज वेस्ट के नॉर्थ एवेन्यू में स्थित हैं. अपार्टमेंट के मासिक किराए में सोसायटी मेंटेनेंस, पानी का बिल और मौजूदा व भविष्य के प्रॉपर्टी व म्युनिसिपल टैक्स भी शामिल हैं. इनका भुगतान मकान मालिक की ओर से किया जाएगा.
मुंबई में आमिर खान की कई प्रॉपर्टी
आमिर खान ने मुंबई में कई प्रॉपर्टी में निवेश भी किया है. जून 2024 में उन्होंने पाली हिल स्थित बेला विस्टा अपार्टमेंट्स में 1,027 वर्ग फुट का एक अपार्टमेंट 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, इस डील पर 58.5 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस दी गई थी. विर्गो कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी और विल्नोमोना अपार्टमेंट्स के अलावा आमिर के पास हिल व्यू, बेला विस्टा और मरीना अपार्टमेंट्स में भी घर होने की खबरें हैं. इसके अलावा बांद्रा में उनका एक सी-फेसिंग घर भी बताया जाता है. मुंबई के अलावा आमिर खान के पास महाराष्ट्र के मशहूर हिल स्टेशन पंचगनी में भी एक फार्महाउस है, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है.
ये भी पढ़ें: पिता शाहरुख खान से तुलना होने पर बोले आर्यन खान, कहा- इसे तारीफ की तरह लेता हूं




