KBC 18: महज 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचा दिहाड़ी मजदूर का बेटा, बना सीजन का पहला करोड़पति, जानिए कौन हैं भूषण ठाकरे?

KBC 18: अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है. महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक छोटे से गांव से आने वाले भूषण ठाकरे ने अपने ज्ञान और सूझबूझ के दम पर 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है. हालांकि, वे 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल का सही जवाब देने से चूक गए, लेकिन उनके लिए 1 करोड़ रुपये जीतना भी किसी सपने के सच होने से कम नहीं है. ये रकम उनके परिवार की 30 से 35 साल की कुल कमाई के बराबर है.
28 साल के भूषण ठाकरे महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक ऐसे गांव से ताल्लुक रखते हैं, जिसकी आबादी करीब दो हजार है. उन्होंने इतिहास (हिस्ट्री) में ग्रेजुएशन किया है और फिलहाल वो पीएचडी के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं. इसके साथ ही वे साल 2020 से यूपीएससी (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं. भूषण का जीवन बेहद आर्थिक तंगी में बीता है.
UPSC की तैयारी कर रहे भूषण ठाकरे
उनके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और दिन-रात इसलिए मेहनत कर रहे हैं ताकि भूषण अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और उन्हें कभी मजदूरी न करनी पड़े. वहीं, उनकी मां ने घर चलाने के लिए मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के तहत पेड़ लगाने और पानी देने जैसे काम किए हैं. पिता को महीने भर लगातार काम मिलने पर ही परिवार की आय 15 से 20 हजार रुपये तक पहुंच पाती है. उनकी मां लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं और उनकी कई सर्जरी भी हो चुकी हैं, जिनके इलाज में काफी पैसा खर्च होता है. भूषण का एक छोटा भाई भी है, जो डॉक्टर बनने का सपना देख रहा है.
Instagram-এ এই পোস্টটি দেখুন
खाते में 24 रुपये लेकर पहुंचे थे मुंबई
पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और परिवार के हालात बदलने की जिद में भूषण करीब डेढ़ साल (18 महीने) पहले घर छोड़कर भुसावल चले गए थे. वहां वे एक सरकारी हॉस्टल में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं. हॉस्टल जाने के बाद से वे एक बार भी अपने घर वापस नहीं लौटे हैं, क्योंकि उन्होंने अपनी मां से वादा किया था कि वे जिंदगी में कुछ बड़ा हासिल करने के बाद ही गांव लौटेंगे. बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर जब वे केबीसी 18 के लिए चुने गए, तो अमिताभ बच्चन से मिलने और इस मंच तक पहुंचने को लेकर बेहद उत्साहित थे. मुंबई आते वक्त उनके बैंक खाते में महज 24 रुपये थे और उनके आने-जाने व ठहरने का पूरा खर्च शो की टीम ने ही उठाया था.
10 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली हॉट सीट
भूषण का केबीसी तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. उन्होंने साल 2016 में पहली बार इस शो के लिए रजिस्ट्रेशन किया था, तब वे महज 18 साल के थे. 2016 से 2020 तक लगातार कोशिश करने के बावजूद उन्हें ऑडिशन के लिए एक भी कॉल नहीं आया. साल 2021 में पहली बार उन्हें ऑडिशन का मौका मिला, लेकिन हर साल वे आखिरी पड़ाव से पहले बाहर हो जाते थे. लोग उन्हें ताने मारते थे कि बिना ‘पहुंच’ या पैसों के केबीसी में जगह नहीं मिलती, लेकिन भूषण ने हार नहीं मानी और 10 साल की मेहनत के बाद आखिरकार 2026 में हॉट सीट तक पहुंच ही गए.
जीती हुई रकम से पूरा करेंगे मां का सपना
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण की जिंदगी बदल गई है. जिस रिश्तेदारी में कभी मां के इलाज के लिए हजार रुपये मांगने पर भी उन्हें ताने सुनने पड़ते थे, आज वही लोग फोन कर बधाई दे रहे हैं. अब भूषण इस रकम को सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं ताकि परिवार को हर महीने निश्चित आय मिल सके. वे अपनी मां के लिए वे गहने दोगुनी मात्रा में वापस खरीदना चाहते हैं, जो उनकी पढ़ाई के दौरान बेचने पड़े थे. भूषण अब माता-पिता से मजदूरी नहीं करवाना चाहते और इस रकम से अपनी पीएचडी व यूपीएससी की तैयारी आगे बढ़ाने के साथ छोटे भाई को डॉक्टर बनाने का सपना पूरा करेंगे.




