मनोरंजन

Maatrubhumi: माइनस 7 डिग्री में भी सलमान खान को नहीं पड़ी ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत, को-स्टार ने की फिटनेस की तारीफ

Maatrubhumi: सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म के लिए एक्टर ने अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की है. हाल ही में उनका बदला हुआ लुक देखकर हर कोई हैरान रह गया था. अब फिल्म में उनके साथ काम करने वाले एक्टर विपिन भारद्वाज ने सलमान की फिटनेस को लेकर कुछ ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्हें जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. विपिन ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान माइनस 7 डिग्री तापमान में भी सलमान खान को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत नहीं पड़ी थी, जबकि वहां मौजूद ज्यादातर लोगों को इसकी मदद लेनी पड़ी थी.

फिल्म की रिलीज से पहले जूम के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में विपिन भारद्वाज ने बताया कि आखिर वह सलमान खान की फिल्म का हिस्सा क्यों बने. इस दौरान उन्होंने अपने को-स्टार की फिटनेस और शूटिंग के दौरान उनके काम करने के तरीके की भी जमकर तारीफ की.

60 की उम्र में भी बेहद फिट हैं सलमान खान

बातचीत के दौरान जब विपिन से 60 साल की उम्र में सलमान खान की फिटनेस के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए जब पूरी टीम वहां पहुंची थी, तब ऑक्सीजन की जरूरत को देखते हुए सभी को होटल में रुकने के लिए दो दिन दिए गए थे. सलमान के बॉडी डबल भी वहां पहुंचे थे, लेकिन उनकी तबीयत खराब हो गई थी. उनके पास ज्यादा समय नहीं था, इसलिए सलमान ने अगले ही दिन शूटिंग शुरू कर दी थी.

विपिन ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग काफी मुश्किल हालात में हुई थी. एक दिन तापमान माइनस 7 डिग्री तक पहुंच गया था. उस दौरान 15-16 लोगों की तबीयत खराब हो गई थी और कुछ को अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था. एक्टर ने कहा, “उस दिन तापमान माइनस 7 डिग्री था. बहुत से लोग बीमार हो गए थे, यहां तक कि कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था. सलमान सर हर सीन देने के बाद बैठ जाते थे. उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की भी जरूरत नहीं पड़ी. वहीं, करीब 80 से 90 फीसदी लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ी थी. उनकी फिटनेस की बराबरी करना लगभग नामुमकिन है.”

फिल्म के लिए सलमान ने की थी जमकर तैयारी

विपिन ने यह भी बताया कि सलमान खान ने आउटडोर शूटिंग पर जाने से पहले अपने को-स्टार्स के साथ ट्रेनिंग की थी. फिल्म में उन्होंने कई मुश्किल एक्शन सीन खुद किए हैं. विपिन के मुताबिक, सलमान ने फिल्म में ज्यादातर फॉल और एक्शन सीन खुद किए हैं. उन्होंने कहा, “उन्होंने इस फिल्म में बहुत कुछ किया है. लगभग सभी फॉल खुद किए हैं. सब कुछ उन्होंने खुद किया है.”

इससे पहले सलमान खान ने भी मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में फिल्म के लिए अपनी फिजिकल तैयारी के बारे में बात की थी. उन्होंने कहा था कि फिल्म के लिए काफी शारीरिक मेहनत करनी पड़ी. उम्र बढ़ने के साथ हर दिन और हर महीने खुद को फिट रखना पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है. सलमान ने बताया था कि पहले वह एक-दो हफ्ते में अपनी बॉडी को शेप में ले आते थे, लेकिन ‘मातृभूमि’ के लिए उन्हें काफी समय देना पड़ा. फिल्म के लिए उन्हें दौड़ने, किक मारने और पंच करने की ट्रेनिंग लेनी पड़ी.

Related Articles

Back to top button