आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी, मांगी गई करोड़ों की रंगदारी

अब बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामले सामने आया है. धमकी देने वाले ने उनसे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी है. सूत्रों के मुताबिक आयुष्मान को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार ये धमकी का मामला फर्जी लग रहा है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक कॉल करने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया और कथित तौर पर करोड़ों रुपये मांगे.
ऑडियो क्लिप का मिलान उसी नाम के एक आरोपी के वॉयस सैंपल से किया जा रहा है, जिसकी रिकॉर्डिंग पुलिस रिकॉर्ड में पहले से मौजूद है. जांच के बाद ही पता चलेगा कि क्या सच में उन्हें लॉरेंस गैंग से ही धमकी मिली है. आपको याद दिला दें कि बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को भी कुछ दिन पहले एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था. भेजने वाले ने कथित तौर पर अपनी पहचान हैरी बॉक्सर के तौर पर बताई थी, लेकिन शुरुआती जांच में ये शक है कि ऑडियो मैसेज नकली हो सकता है.
तुषार कपूर मामले में आवाज का मिलान नहीं
सूत्रों के मुताबिक तुषार को धमकी देने वाले की आवाज और मुंबई पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के वॉयस सैंपल का मिलान नहीं हुआ. यानी दोनों आवाज मैच नहीं हुई. ऐसे में तुषार कपूर के मामले में पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हैरी बॉक्सर के नाम पर किसी और ने तो धमकी नहीं दी. वहीं अब पुलिस आयुष्मान खुराना को मिली धमकी के मामले की जांच में भी जुट चुकी है.
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. उस घटना के बाद से बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को धमकी मिलने का मामला एक बार फिर से सामने आ रहा है. पहले टाइगर पर फायिंरग, फिर तुषार कपूर को धमकी और अब आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने की खबर है.
ऐसी भी जानकारी है कि मुंबई पुलिस बॉलीवुड के ऐसे सितारों की सुरक्षा का रिव्यू करने वाली है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग या फिर अन्य किसी गैंग से खतरा हो सकता है. किन-किन कलाकारों को सुरक्षा देनी है और किसकी सुरक्षा बढ़ानी है, इसको लेकर पुलिस की एक सुरक्षा समीक्षा बैठक होने की उम्मीद है. दिवाली से पहले पुलिस की ये बैठक हो सकती है.




