शिक्षा

CAT 2026: कैट परीक्षा में ऑनस्क्रीन कैलकुलेटर का कैसे करें इस्तेमाल? निर्देश जारी

CAT 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले MBA उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIMs) ने परीक्षा में ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर के इस्तेमाल से जुड़े दिशानिर्देश जारी किए हैं. कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) का आयोजन 29 नवंबर 2026 को तीन शिफ्ट में किया जाएगा. परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को बेसिक कैलकुलेशन के लिए कंप्यूटर स्क्रीन पर वर्चुअल कैलकुलेटर मिलेगा.

ऐसे में अभ्यर्थियों को घर से अपना कैलकुलेटर ले जाने की जरूरत नहीं है. परीक्षा हॉल में निजी कैलकुलेटर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले इसके इस्तेमाल का तरीका समझ लेना चाहिए.

29 नवंबर को होगी CAT 2026 परीक्षा

CAT 2026 का आयोजन 29 नवंबर को तीन राउंड में किया जाएगा. परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए IIMs ने कई अतिरिक्त कदम उठाए हैं. इनमें उम्मीदवारों के चेहरे का मिलान (फेस मैचिंग) और कुछ निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाने जैसे उपाय शामिल हैं. परीक्षा के दौरान कैलकुलेशन करने के लिए उम्मीदवारों को कंप्यूटर स्क्रीन पर ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर उपलब्ध कराया जाएगा. इसका इस्तेमाल माउस की मदद से किया जा सकेगा. उम्मीदवारों को स्क्रीन पर मौजूद बटनों पर क्लिक करके कैलकुलेशन करनी होगी. परीक्षा में कीबोर्ड का इस्तेमाल बंद रहेगा.

कैलकुलेटर में मिलेंगे ये फीचर्स

CAT 2026 के ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर से उम्मीदवार प्रतिशत, वर्गमूल और व्युत्क्रम जैसी सामान्य कैलकुलेशन कर सकेंगे. नई कैलकुलेशन शुरू करने के लिए सबसे पहले [C] बटन दबाना होगा. इससे पहले की कैलकुलेशन का डेटा साफ हो जाएगा. इसके अलावा कैलकुलेटर में मेमोरी के कुछ खास विकल्प भी दिए गए हैं. इनका इस्तेमाल करके उम्मीदवार एक से ज्यादा गणनाओं के रिजल्ट को सुरक्षित रख सकते हैं.

  • MS: स्क्रीन पर दिख रहे मान को मेमोरी में सेव करता है.
  • M+: मौजूदा मान को पहले से सेव वैल्यू में जोड़ता है.
  • MR: मेमोरी में सेव किए गए मान को दोबारा स्क्रीन पर दिखाता है.
  • M-: स्क्रीन पर दिख रहे मान को मेमोरी में मौजूद वैल्यू से घटाता है.

प्रतिशत की कैलकुलेशन करते समय रखें ध्यान

कैलकुलेटर में प्रतिशत (%) का इस्तेमाल दो इनपुट के आधार पर रिजल्ट निकालने के लिए होता है. उदाहरण के लिए, B % A का मतलब A का B प्रतिशत निकालना है. जोड़ या घटाव में प्रतिशत का इस्तेमाल करने पर इसकी कैलकुलेशन पहली संख्या (A) के आधार पर की जाती है. वहीं, गुणा या भाग करते समय प्रतिशत को दशमलव रूप में दर्ज करना होगा.

परीक्षा में कीबोर्ड का इस्तेमाल नहीं होगा

CAT 2026 के दौरान उम्मीदवारों को यह ध्यान रखना होगा कि कंप्यूटर का कीबोर्ड काम नहीं करेगा. इसलिए कैलकुलेटर चलाने के लिए माउस का ही इस्तेमाल करना होगा. उम्मीदवार परीक्षा से पहले इन निर्देशों को अच्छी तरह समझ लें, ताकि परीक्षा के दौरान कैलकुलेशन करने में परेशानी न हो. निजी कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

Related Articles

Back to top button