FMS दिल्ली में MBA एडमिशन के लिए CAT अनिवार्य? जानें क्या है नियम

एमबीए की पढ़ाई करके मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडी(FMS) ने 2027-2029 बैच के फुल टाइम एमबीए प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आवेदन करने की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 तय की गई है. इस कोर्स में एडमिशन CAT 2026 के स्कोर, एजुकेशनल रिकॉर्ड और आगे होने वाले सेलेक्शन प्रोसेस के आधार पर मिलेगा.
2027-2029 बैच में एडमिशन लेने के इच्छुक उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट fms.edu पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना होगा. आवेदन पूरा करने के लिए निर्धारित फीस का भुगतान भी करना होगा.
CAT 2026 देना जरूरी
एफएमएस दिल्ली में एमबीए एडमिशन के लिए CAT 2026 का स्कोर अनिवार्य है. संस्थान की ओर से जारी प्रोग्राम ब्रॉशर के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों ने CAT 2026 परीक्षा नहीं दी है, उन्हें एडमिशन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. इसलिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए इस परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.
एमबीए के लिए एजुकेशनल क्वालिफिकेशन
इस कोर्स में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास 12 साल की स्कूली शिक्षा के बाद किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों के ग्रेजुएशन में कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने जरूरी हैं. वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम नंबर की सीमा 45 प्रतिशत रखी गई है. इसके अलावा निर्धारित प्रतिशत के बराबर CGPA वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. जो स्टूडेंट ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, वो भी इस एडमिशन प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकते हैं.
CAT के तीन सेक्शन का अलग-अलग वेटेज
एफएमएस दिल्ली ने CAT 2026 के तीनों सेक्शन के लिए अलग-अलग वेटेज तय किया है. इसके आधार पर उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.
- VARC (वर्बल एबिलिटी एंड रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन): 40 प्रतिशत
- DILR (डेटा इंटरप्रिटेशन एंड लॉजिकल रीजनिंग): 30 प्रतिशत
- QA (क्वांटिटेटिव एबिलिटी): 30 प्रतिशत
इसके अलावा इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों के चयन में महिला अभ्यर्थियों को अतिरिक्त पांच अंक दिए जाएंगे. CAT स्कोर के साथ शैक्षणिक प्रदर्शन और आगे के चयन चरण भी एडमिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.




