उत्तर प्रदेश

FIFA पर बड़ा साइबर अटैक, हैकर्स ने उड़ाया 12GB से ज्यादा सीक्रेट डेटा; मची खलबली

आज की डिजिटल दुनिया में सबसे बड़ा खतरा साइबर अटैक का हो गया है. एक छोटी सी गलती करते ही हमारा डेटा सीधे साइबर हैकर्स के पास पहुंच जाता है. इस बार कुछ ऐसा ही हुआ है दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल संस्थाओं में शामिल FIFA के साथ. साइबर हैकर्स ने फीफा के इंटरनल डेटा तक पहुंच बनाकर कई सीक्रेट डेटा चुरा लिए हैं. अब इस मामले की पुष्टि खुद FIFA ने की है. वहीं Handsome Boy Hacking Club यानी HBHC नाम के एक हैकिंग ग्रुप ने इस साइबर हमले की जिम्मेदारी भी ले ली है. हैकर्स ग्रुप का कहना है कि उसने FIFA के सर्वर से 12GB से ज्यादा सीक्रेट डेटा चोरी किया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हैकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर FIFA से जुड़ी कुछ फाइलों का स्क्रीनशॉट भी शेयर कर दिया है. हैकर्स ग्रुप ने दावा किया है कि चोरी किए गए डेटा में पहचान पत्र, इमिग्रेशन से जुड़े डॉक्यूमेंट्स, अधिकारियों की डिटेल्स, फाइनेंशियल रिकॉर्ड और कानूनी डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं. इसके साथ ही फीफा के आंतरिक कामकाज और प्रशासन से जुड़े रिकॉर्ड के साथ कुछ स्क्रीनशॉट भी चोरी होने की बात कही गई है.

FIFA ने इस मामले पर जवाब देते हुए कहा है कि साइबर हैकर्स ने उसकी कुछ पर्सनल और कारोबारी जानकारी तक पहुंच बनाई है. लेकिन संस्था ने अभी तक यह नहीं बताया है कि यह हमला कब हुआ और इससे कितने लोग प्रभावित हुए हैं. FIFA के स्पोक्सपर्सन के अनुसार साइबर हमले में सीमित मात्रा में निजी और कारोबारी जानकारी तक पहुंच बनाई गई है.

कैसे हैक हुआ FIFA का डेटा?

अब इस मामले में लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि आखिर FIFA का डेटा कैसे लीक हुआ? इसका जवाब है कि हैकर्स ने FIFA के सिस्टम में किसी तकनीकी खामी का फायदा नहीं उठाया है. रिपोर्ट के अनुसार हैकर्स ने FIFA के कर्मचारियों की पहचान का गलत इस्तेमाल करते हुए संस्था तक पहुंच बना ली. यानी कर्मचारियों के नाम पर खुद को पेश कर हैकर्स ने सीक्रेट जानकारी हासिल कर ली.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चोरी हुआ डेटा FIFA के पास मौजूद कुल जानकारी का 0.1 फीसदी से भी कम है. लेकिन इसमें किस तरह के डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं, इसे लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. FIFA ने यह भी साफ किया है कि इस घटना में बंद हो चुके FIFA Forward Enterprise यानी FFE प्रस्ताव से जुड़े डॉक्यूमेंट्स शामिल नहीं हैं.

FIFA ने शुरू की जांच

FIFA ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच भी शुरू कर दी है. संस्था ने डेटा चोरी और उसके पब्लिक किए जाने की निंदा की है. खासतौर पर पर्सनल डिटेल्स के लीक होने से प्रभावित लोगों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.

गौर करने वाली बात है कि हाल के दिनों में फुटबॉल से जुड़ी दूसरी संस्थाएं भी साइबर हमलों का सामना कर चुकी हैं. नवंबर की शुरुआत में स्पेन की फुटबॉल लीग ला लीगा के एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तक भी किसी अनधिकृत व्यक्ति ने पहुंच बना ली थी. वहीं, जुलाई में अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ ने भी ईमेल लीक होने के बाद संभावित साइबर हमले की जांच शुरू की थी.

ये भी पढे़ंः अब झाड़ू-पोंछे की टेंशन खत्म! आ गया Haier का नया रोबोट जो करेगा आपके घर के सारे काम

ये भी पढे़ंः 1.30 लाख का iPhone 17 Pro अब 80 हजार से भी सस्ता, जानिए कहां मिल रहा है ऑफर

Related Articles

Back to top button