Flipkart के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति छोड़ेंगे कंपनी, 11 साल बाद खत्म होगा सफर, अब कौन संभालेगा कमान?

ई-कॉमर्स की दुनिया में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है. जानी मानी कंपनी फ्लिपकार्ट के लीडरशिप में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. कंपनी के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है. उन्होंने लगभग 11 साल तक Flipkart में काम किया और साल 2017 के जनवरी में कंपनी के CEO पद की कमान संभाली थी. कल्याण के जाने के बाद फिलहाल कंपनी के चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बालाजी थियागराजन और Flipkart का बोर्ड मिलकर कंपनी का कामकाज संभालेंगे. फ्लिपकार्ट ने 25 नवंबर को उनके जाने की पुष्टि कर दी है. लेकिन कंपनी ने अभी तक नए CEO के नाम का ऐलान नहीं किया गया है.
2013 में Flipkart से जुड़े थे कल्याण कृष्णमूर्ति
फ्लिपकार्ट से साल 2023 में कल्याण कृष्णमूर्ति जुड़े थे. इसके बाद जनवरी 2017 में उन्हें कंपनी का CEO की जिम्मेदारी दी गई. इसके बाद साल 2018 में उन्हें ग्रुप CEO की भी कमान मिल गई. कल्याण के लीडरशिप में कंपनी ने कई बड़े बदलाव देखे. इसी टाइमपीरियड में Flipkart ने भारत के ऑनलाइन शॉपिंग मार्केट में अपनी पकड़ और भी मजबूत की और बिजनेस का विस्तार किया.
कल्याण कृष्णमूर्ति के कार्यकाल में कंपनी का बिजनेस 5 गुना से भी ज्यादा बढ़ा. फ्लिपकार्ट ने फैशन, ट्रैवल और फिनटेक जैसे सेक्टर में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई. कंपनी की सालाना सेल Big Billion Days भी देश के सबसे बड़े ऑनलाइन शॉपिंग इवेंट में शामिल हो गई. इसके जरिए हर साल बड़ी संख्या में कस्टमर्स ऑनलाइन खरीदारी करते हैं.
कल्याण कृष्णमूर्ति ने क्या कहा?
फ्लिपकार्ट को छोड़ने को लेकर कल्याण कृष्णमूर्ति का कहना है कि Flipkart की यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात रही है. कल्याण ने कहा कि कंपनी ने जिस स्तर पर बिजनेस तैयार किया है, उससे उन्हें खुशी है. कल्याण के अनुसार नैतिकता, ईमानदारी और बेहतर गवर्नेंस कंपनी की तरक्की का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि Flipkart की टीम ने भारत में लाखों लोगों के खरीदारी करने के तरीके में भी बदलाव लाया है. इससे कस्टमर्स को ज्यादा ऑप्शन मिले और छोटे कारोबारियों, सेलर्स और बिजनेसमैन के लिए नए मौके बने.
वहीं, Walmart International के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने कल्याण कृष्णमूर्ति के योगदान की तारीफ की है. क्रिस ने कहा कि उनके नेतृत्व और कंपनी में बेहतर गवर्नेंस व्यवस्था बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है.
IPO की तैयारी के बीच बड़ा बदलाव
फ्लिपकार्ट में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब कंपनी अपने बिजनेस को मुनाफे में लाने और संभावित IPO की तैयारी में लगी हुई है. साथ ही कंपनी क्विक कॉमर्स सेगमेंट में भी तेजी से बढ़ रही है. Flipkart Minutes के जरिए कंपनी इस मार्केट में अपनी जगह मजबूत करने का प्रयास कर रही है. इस सेक्टर में उसे Amazon, Meesho और दूसरे क्विक कॉमर्स कंपनियों से मुकाबला करना पड़ रहा है.
साल 2007 में शुरू हुई Flipkart के पास 50 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं. कंपनी के प्लेटफॉर्म पर Shopsy समेत 14 लाख से ज्यादा सेलर्स जुड़े हुए हैं. इसके ग्रुप बिजनेस में Myntra, Flipkart Wholesale, Cleartrip और super.money जैसे नाम शामिल हैं.
ये भी पढ़ेंः WhatsApp में आया कमाल का फीचर, अब 2 हफ्ते पहले ही शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज और फोटो-वीडियो, जानिए प्रोसेस
ये भी पढ़ेंः न OpenAI, न Google चीन के इस AI फाउंडर की दौलत पहुंची 55 अरब डॉलर, जानिए कौन हैं लियांग वेनफेंग




