उत्तर प्रदेश

बचपन की एक धुंधली तस्वीर और फ्री AI टूल… यूपी पुलिस ने कुछ इस तरह 5 साल से गायब महिला को खोज निकाला

आपने अभी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल सिर्फ मन में आने वाले सवालों या फिर ऑफिस के कामों के लिए ही किया होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश से एक खुश कर देने वाला मामला सामने आया है.यूपी के सोनभद्र में पुलिस ने इसी टेक्नोलॉजी की सहायता से लगभग 5 साल से लापता एक महिला को खोज निकाला है. सबसे खास बात यह है कि महिला की पहचान के लिए पुलिस के पास सिर्फ उसकी सालों पुरानी बचपन की एक तस्वीर थी. उसी तस्वीर की सहायता से ChatGPT और Google Gemini ने उसके मौजूदा चेहरे का संभावित रूप वाली तस्वीर तैयार कर दी. इसके बाद पुलिस राजस्थान के चूरू जिले तक पहुंच गई, जहां महिला रह रही थी. यह मामला 21 नवंबर को सामने आया.

मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई थी शिकायत

पूरा मामला यूपी के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र का है. लापता महिला की मां किस्मत देवी ने 14 जुलाई को पुलिस थाने आ कर अपनी बेटी मंजू खरवार की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. परिवार के अनुसार, मंजू लगभग 5 साल पहले गांव से चली गई थी. घरवालों ने आरोप लगाया था कि गांव की ही एक महिला शादी कराने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गई थी.

मामले की जांच कर रहे कांस्टेबल विजय पांडेय के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि परिवार के पास मंजू की कोई अब की तस्वीर नहीं थी. उनके पास साल 2007 की एक फोटो थी, जिसमें वह क्लास 4 में पढ़ती थी. इतने साल पुरानी तस्वीर के आधार पर उनकी पहचान करना आसान काम नहीं था.

ChatGPT और Gemini से तैयार हुई नई तस्वीर

जांच को आगे बढ़ाने के लिए कांस्टेबल विजय पांडेय ने टेक्नोलॉजी का सहाया लिया. उन्होंने मंजू की स्कूल के समय की तस्वीर ChatGPT और Google Gemini पर अपलोड की. इसके साथ ही उनकी मां, पिता और बहन की तस्वीरें भी इन टूल्स को दी गईं. इन तस्वीरों के आधार पर AI टूल्स ने मंजू के मौजूदा उम्र के हिसाब से चेहरे का एक संभावित रूप वाली तस्वीर तैयार हो गई.

तैयार तस्वीर को परिवार के लोगों को दिखाया गया. उन्होंने चेहरे को देखकर मंजू की पहचान करने में मदद की. इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिरों से मिली जानकारी और स्थानीय स्तर पर जांच का काम जारी रखा.

16 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि मंजू राजस्थान के चूरू जिले में मौजूद हैं. इसके बाद पुलिस टीम हमीरवास थाना क्षेत्र पहुंची और खोज में लग गई. पुलिस के अनुसार मंजू वहां उमेंद्र नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थीं, जिसे उनका पति बताया गया. दोनों के दो बच्चे भी हैं.

सिपाही को मिला इनाम

इस मामले में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर जांच को आगे बढ़ाने वाले कांस्टेबल विजय पांडेय को सम्मानित किया गया. उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने उन्हें 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया. वहीं, सोनभद्र के SP अभिषेक वर्मा ने 2,100 रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर उनका सम्मान किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला को खोजने में AI से तैयार तस्वीर ने अहम भूमिका निभाई, लेकिन केवल इसी के दम पर सफलता नहीं मिली. परिवार से मिली जानकारी, पुलिस के मुखबिरों और मौके पर की गई जांच ने भी इसमें मदद की.

महाराष्ट्र से भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले भी महाराष्ट्र के परभणी में AI की सहायता से लगभग 2.5 साल से लापता 45 साल की जुलेखा मुखीद शेख को उनके परिवार से मिलाने में सफलता मिली थी. जुलेखा को 3 अप्रैल 2024 को सिंधुदुर्ग के पांडुर स्थित संविता आश्रम में भर्ती कराया गया था. उनकी पुरानी यादों और बातचीत से मिले संकेतों के आधार पर जीवन आनंद संस्था की टीम ने Google Search और ChatGPT की सहायात से उनके पैतृक गांव को खोज निकाला. इसके बाद पुलिस की सहायता से परिवार से संपर्क हुआ. 9 नवंबर को उनके पति मुखीद शेख आश्रम पहुंचे और उन्हें घर ले गए.

ये भी पढ़ेंः भारत में Meta का बड़ा एक्शन! 6 महीने में 54 लाख पोस्ट और अकाउंट बैन, फेसबुक-इंस्टाग्राम पर बढ़ी सख्ती

ये भी पढ़ेंः Bisleri और दूसरे बोतलबंद पानी बनाने का क्या है प्रोसेस, ऐसे टेक्नॉलिजी के जरिए पहुंचता है शुद्ध पानी

Related Articles

Back to top button