अजब-गजब

प्रकृति का अद्भुत नजारा; अमेरिका के इस शहर में डूबा सूरज, अब सीधे 65 दिन बाद होगी अगली सुबह!

सोशल मीडिया पर इन दिनों अमेरिका के एक शहर की एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. पोस्ट में दावा किया गया है कि अलास्का के उत्कियाग्विक (Utqiagvik) शहर में सूरज डूब गया है और अब वो 65 दिन तक नहीं निकलेगा. पोस्ट सामने आते ही लोगों ने इस पर जमकर रिएक्शन दिए हैं. कई लोग इसे हैरान करने वाला बता रहे हैं, तो कई लोग इसे फिल्म ’30 Days of Night’ से जोड़ रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

वायरल पोस्ट के मुताबिक, अलास्का के उत्कियाग्विक शहर में 18 नवंबर 2026 को इस साल का आखिरी सूरज डूब गया. इसके बाद शहर ने अपनी सालाना पोलर नाइट में एंट्री कर ली है. पोस्ट में बताया गया है कि अब सूरज करीब 65 दिन तक क्षितिज के नीचे ही रहेगा. सूरज अब 23 जनवरी 2027 को निकलेगा. यह शहर अमेरिका का सबसे उत्तरी शहर माना जाता है.

पोलर नाइट क्या होती है? (What Is Polar Night?)

पोलर नाइट का मतलब ये नहीं है कि वहां 65 दिन तक पूरी तरह घुप्प अंधेरा रहेगा. इसका मतलब है कि सूरज क्षितिज से ऊपर नहीं आएगा. दिन के समय वहां कुछ घंटों के लिए हल्की रोशनी जैसी स्थिति रह सकती है, लेकिन सूरज सीधे तौर पर नहीं दिखेगा. यही वजह है कि वहां के घरों में लाइटें जलती नजर आ रही हैं और पूरा शहर बर्फ से ढका हुआ दिख रहा है. ये हर साल होने वाली एक प्राकृतिक घटना है, जो धरती के झुकाव की वजह से होती है.

वहां के लोग कैसे रहते हैं?

पोस्ट में शहर की जो तस्वीरें दिख रही हैं, उनमें बर्फ से ढके घर, जलती हुई लाइटें और सड़कों पर टायरों के निशान नजर आ रहे हैं. इससे साफ है कि अंधेरा होने के बावजूद वहां रोजमर्रा की जिंदगी चलती रहती है. वहां के लोग लाइट, हीटर और रोज के कामों के साथ इस लंबे अंधेरे में रहने के आदी हो चुके हैं.

लोगों ने क्या कहा?

पोस्ट पर लोगों के कमेंट भी काफी वायरल हो रहे हैं. सबसे ज्यादा लोग 2007 की फिल्म ’30 Days of Night’ का जिक्र कर रहे हैं, जिसमें ऐसे ही लंबे अंधेरे में वैम्पायर वाली कहानी दिखाई गई थी. कई यूजर्स ने लिखा कि इतने दिन तक सूरज ना देखना डरावना लगता है. वहीं कई यूजर्स ने मजाक में लिखा कि वहां विटामिन D की सबसे ज्यादा जरूरत होगी. कुछ लोगों ने वहां की जिंदगी, मौसम और दिनचर्या को लेकर भी सवाल पूछे हैं.

क्या ये खबर सच है?

जी हां, यह बिल्कुल सच है. उत्कियाग्विक में हर साल नवंबर से जनवरी के बीच पोलर नाइट होती है. तारीखों में 1 दिन का फर्क मौसम और टाइम जोन की वजह से आ सकता है, लेकिन 65 दिन तक सूरज का ना निकलना वहां के लिए नॉर्मल बात है.

View this post on Instagram

A post shared by Pubity (@pubity)

Related Articles

Back to top button