अजब-गजब

शादी की खुशियों के बीच मची चीख-पुकार, खेत में पलटी कार से ऐसे बची दूल्हा-दुल्हन की जान

वियतनाम में एक शादी के दिन ऐसा हादसा हुआ, जिसने कुछ देर के लिए पूरे परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया. शादी की रस्में शुरू होने से कुछ घंटे पहले दूल्हा-दुल्हन की कार सड़क से फिसलकर सीधे धान के एक कीचड़ भरे खेत में जा पलटी. हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कार में बैठी दुल्हन का शादी वाला जोड़ा पूरी तरह मिट्टी और कीचड़ से भर गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि दूल्हा-दुल्हन दोनों सुरक्षित बच गए.

यह घटना 10 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे वियतनाम के तुयेन क्वांग प्रांत में हुई. VnExpress की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 साल के ली वान वियत अपनी 19 वर्षीय दुल्हन डैम थी शुआन को लेकर उसके मायके थो हैमलेट से अपने घर बान बान हैमलेट जा रहे थे. दोनों की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और परिवार में जश्न का माहौल था.

खेत में पलटी दूल्हा-दुल्हन की कार

दूल्हे के घर से करीब एक किलोमीटर पहले ही उनकी कार अचानक सड़क से उतर गई और पास के धान के खेत में पलट गई. बताया जा रहा है कि तेज हवा के कारण कार के बोनट पर लगी फूलों की सजावट उड़कर सामने के शीशे यानी विंडशील्ड पर आ गई थी. इससे ड्राइवर को सड़क दिखाई देना बंद हो गया और कार कंट्रोल से बाहर होकर खेत में जा गिरी.

शादी के जुलूस के साथ चल रहे फोटोग्राफर ली डैन सु ने बताया कि कार पलटने के बाद एक तरफ जाकर रुक गई. कार की जिस खिड़की के पास दुल्हन बैठी थी, वह हिस्सा सीधे कीचड़ भरे खेत की तरफ था. हादसा देखते ही बारात में शामिल लोग घबरा गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े. शुरुआत में चार-पांच युवकों ने मिलकर कार को सीधा करने की कोशिश की, लेकिन वजन ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए. इसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते दर्जनों लोग मदद के लिए जुट गए. सभी ने मिलकर कार को इतना ऊपर उठाया कि दूल्हा और दुल्हन किसी तरह बाहर निकल सके.

इस हादसे में दुल्हन की हालत देखकर हर कोई परेशान हो गया. उसका पूरा शादी का जोड़ा कीचड़ से भर चुका था और बाल भी मिट्टी से सन गए थे. चिंता की एक और बड़ी वजह यह थी कि शुआन गर्भवती थीं. ऐसे में परिवार और वहां मौजूद लोगों को उनके साथ होने वाले बच्चे की भी फिक्र सताने लगी.

हालांकि, किस्मत अच्छी रही और दूल्हा-दुल्हन दोनों को कोई चोट नहीं आई. बाहर निकलने के बाद शुआन को दूल्हे के घर ले जाया गया. वहां उन्होंने नहाकर कपड़े बदले और फिर शादी की बाकी रस्मों की तैयारी शुरू हुई. इस तरह हादसे के बावजूद परिवार ने शादी का कार्यक्रम आगे बढ़ाया, लेकिन परिवार ने उनकी सेहत को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती. उसी दिन दोपहर बाद शुआन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की. जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दुल्हन और उनके गर्भ में पल रहा बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं. दूल्हे ने इस घटना को अचानक हुई अनहोनी बताया. उन्होंने राहत जताई कि उनकी पत्नी और होने वाला बच्चा सुरक्षित हैं और इस हादसे के बावजूद शादी का कार्यक्रम पूरा हो सका.

यह भी पढ़ें: कल्याणी गाने पर लड़की का एनर्जेटिक डांस हुआ वायरल, देसी अंदाज और किलर मूव्स ने जीत लिया सबका दिल

बाद में इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गईं. इनमें कीचड़ से सनी दुल्हन अपने दूल्हे के साथ नजर आईं. तस्वीरें देखने के बाद कई लोगों ने कपल के प्रति सहानुभूति जताई और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की. शादी के दिन आया यह मुश्किल पल आखिरकार एक राहत भरी खबर के साथ खत्म हुआ.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button