उत्तर प्रदेश

WhatsApp में बदलने वाला है चैटिंग का अंदाज, यूजर्स को जल्द मिल सकता ये खास फीचर

वॉट्सऐप अपने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत ऐप में एक अलग से Contacts टैब दिया जाएगा. इस टैब की मदद से यूजर्स अपने सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स को आसानी से देख सकेंगे और सीधे बातचीत शुरू कर सकेंगे. खास बात यह है कि इसमें कॉन्टैक्ट्स को अलग-अलग तरीकों से व्यवस्थित करने और खोजने का विकल्प भी मिलेगा.

क्या है Contacts टैब?

WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.45.2 में नया Contacts टैब देखा गया है. कंपनी फिलहाल कुछ बीटा यूजर्स के लिए इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है. इसके लिए ऐप के नीचे दिए गए नेविगेशन बार से Communities टैब की जगह Contacts टैब दिया जा रहा है.

इस नए टैब की मदद से यूजर्स को अपने कॉन्टैक्ट्स देखने के लिए बार-बार Chats सेक्शन में जाने की जरूरत नहीं होगी. वे सीधे Contacts टैब खोलकर किसी भी सेव किए गए नंबर पर चैट शुरू कर सकेंगे.

कॉन्टैक्ट्स को सॉर्ट करने के मिलेंगे विकल्प

नए Contacts टैब में सबसे ऊपर Favourites यानी पसंदीदा कॉन्टैक्ट्स दिखाई दे सकते हैं. इसके बाद बाकी सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स की लिस्ट होगी. यूजर्स इस लिस्ट को अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग तरीकों से व्यवस्थित कर सकेंगे. रिपोर्ट के अनुसार, इसमें कॉन्टैक्ट्स को नाम के हिसाब से अल्फाबेटिकल ऑर्डर, जन्मदिन और एक्टिविटी के आधार पर सॉर्ट करने का विकल्प मिल सकता है. एक्टिविटी फिल्टर चुनने पर ऑनलाइन मौजूद कॉन्टैक्ट्स सबसे ऊपर दिखाई देंगे. इनके नाम के साथ हरे रंग का डॉट भी नजर आएगा. बाकी कॉन्टैक्ट्स को उनकी लास्ट सीन जानकारी के आधार पर दिखाया जा सकता है. हालांकि, यह यूजर की प्राइवेसी सेटिंग्स पर निर्भर करेगा.

Meta AI और Instagram से जुड़े विकल्प भी मिलेंगे

नए टैब में Meta AI का शॉर्टकट भी दिया जा सकता है. इसके अलावा यूजर्स को वॉट्सऐप का इनवाइट लिंक शेयर करने और अपने Instagram फॉलोअर्स को वॉट्सऐप पर चैट करने के लिए इन्वाइट करने का विकल्प मिल सकता है. इस टैब में नीचे की तरफ एक बटन भी होगा, जिसकी मदद से यूजर्स नए कॉन्टैक्ट्स जोड़ सकेंगे. इसके लिए नाम, यूजरनेम या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जा सकेगा. मोबाइल नंबर से जोड़े गए कॉन्टैक्ट्स को फोन की एड्रेस बुक में सेव करने का विकल्प भी मिलेगा.

अभी किन यूजर्स को मिलेगा फीचर?

WABetaInfo के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल Google Play Beta प्रोग्राम के तहत वॉट्सऐप एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.45.2 इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है. कंपनी आने वाले हफ्तों में इसे दूसरे बीटा यूजर्स तक पहुंचा सकती है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वॉट्सऐप के सभी एंड्रॉयड यूजर्स को इसका स्टेबल वर्जन कब मिलेगा.

ये भी पढ़ें- लॉन्च से पहले लीक हुए Xiaomi के इस स्मार्टफोन के फीचर्स, इंडिया में इस महीने हो सकती है एंट्री?

Related Articles

Back to top button