मनोरंजन

सारा और इब्राहिम का करीना कपूर के साथ कैसा है बॉन्ड? सैफ अली खान ने बताया

Koffee With Karan: करीना कपूर खान और सैफ अली खान की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते हैं. दोनों के बीच का बॉन्ड और रोमांस आज भी पहले जैसा ही बरकरार है. कपिल शर्मा शो के बाद अब कपल करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ का हिस्सा बने हैं. इस एपिसोड में करीना और सैफ ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी कई पहलुओं पर बात की. बातचीत के दौरान सैफ ने अपनी पहली पत्नी अमृता सिंह से हुए बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान के साथ करीना के रिश्ते को लेकर भी बात की.

उन्होंने करीना की तारीफ करते हुए कहा कि उनके बच्चों के साथ अच्छा रिश्ता बनाने और परिवार को एक साथ जोड़कर रखने में करीना का बड़ा योगदान है. सैफ ने यह भी बताया कि समय के साथ परिवार के सभी लोगों ने एक-दूसरे के साथ अपने रिश्ते को समझा और बेहतर बनाया है.

सैफ ने करीना को दिया क्रेडिट

करण जौहर ने सैफ से पूछा कि परिवार के सभी लोगों के बीच अब अच्छे रिश्ते देखकर उन्हें कैसा लगता है और परिवार में दोबारा एक साथ मिलने-जुलने का माहौल कैसे बना है. इस पर सैफ ने करीना की तारीफ करते हुए कहा, “परिवार में हर कोई बहुत अच्छा और समझदार रहा है. इसका क्रेडिट मैं करीना और परिवार के सभी लोगों को देना चाहूंगा, क्योंकि रिश्ते हमेशा दोनों तरफ से बनते हैं. करीना ने सब कुछ आसान बनाया है. वह सारा और इब्राहिम के साथ बहुत अच्छा रिश्ता रखती हैं. वहीं, सारा और इब्राहिम भी उनकी कोशिशों को समझते हैं और उतना ही प्यार देते हैं.”

भाई इब्राहिम को इंस्पिरेशन मानते हैं तैमूर और जेह

इस बातचीत में करीना ने बताया कि उनके दोनों बेटे तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान (जेह) अपने बड़े भाई इब्राहिम से बहुत प्यार करते हैं और उन्हें अपना आदर्श मानते हैं. वहीं, सैफ ने भी इब्राहिम की तारीफ की. उन्होंने कहा, “इब्राहिम भी दोनों के साथ बहुत अच्छा रहता है. उन्हें उसके साथ खेलना बहुत पसंद है. कई बार जब वह घर आता है, तो उनके कमरे में जाता है और उनसे बातें करता है. उन दोनों के साथ उसका अपना एक खास रिश्ता है. इस तरह का रिश्ता बनाए रखना बहुत अच्छी बात है.”

View this post on Instagram

A post shared by Kareena Kapoor Khan (@kareenakapoorkhan)

13 साल बाद अलग हुए थे अमृता सिंह और सैफ

बता दें कि सैफ अली खान ने साल 1991 में एक्ट्रेस अमृता सिंह से शादी की थी. दोनों के दो बच्चे सारा अली खान और इब्राहिम अली खान हैं. हालांकि, शादी के करीब 13 साल बाद 2004 में दोनों अलग हो गए थे. इसके बाद सैफ ने 16 अक्टूबर 2012 करीना कपूर से शादी की.

Related Articles

Back to top button