मनोरंजन

‘द वन’ या ‘प्रेम मोल लिया’ ही नहीं… 64 साल पहले बॉलीवुड की इस फिल्म में दिखाया गया था छठ का गाना

बॉलीवुड में वैसे तो कई सालों से दीवाली और होली के गाने बनते आए हैं. लेकिन अब हिंदी सिनेमा में पवित्र त्योहार छठ पूजा को भी खास जगह दी जा रही है. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ में छठ पूजा दिखाई गई. फिल्म में एक पूरा गाना छठ पर्व फिल्माया गया. इसे दर्शकों ने खूब पसंद भी किया. वहीं, अब आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में भी छठ पूजा दिखाई गई है. फिल्म का गाना रिलीज हुआ है, जिसका टाइटल है ‘बुलाए छठी मां’.

ऐसे में दर्शकों को लग रहा है कि ये पहला मौका है जब बॉलीवुड छठ पर्व को इतना महत्व दे रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि 64 साल पहले आई एक फिल्म में छठ पूजा दिखाई गई थी. जी हां, साल 1961 में भारतीय सिनेमा में एक ऐसा खास पल आया था, जिसने छठ महापर्व को बड़े पर्दे पर एक नई पहचान दिलाई. 1961 में रिलीज हुई फिल्म ‘भैया’ पहली ऐसी फिल्म मानी जाती है, जिसमें छठ पूजा पर आधारित गाना दिखाया गया था.

फिल्म ‘भैया’ में दिखाई गई थी छठ पूजा

फिल्म ‘भैया’ का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर फणी मजूमदार ने किया था. इस फिल्म के जरिए छठ के पारंपरिक रीति-रिवाजों को पहली बार सिनेमा में जगह मिली थी. फिल्म की सबसे खास बात इसका शुरुआती हिस्सा था, जिसमें छठ पूजा के रीति-रिवाजों को दिखाया गया था. भारतीय सिनेमा में यह पहली बार था जब किसी फिल्म में छठ महापर्व को इतनी खास जगह दी गई थी.

फिल्म का निर्माण नालंदा चित्र प्रतिष्ठान के बैनर तले हुआ था. यह मुख्य रूप से मगही भाषा में बनाई गई थी, लेकिन इसकी आसान और आम बोलचाल वाली भाषा की वजह से इसे ज्यादा से ज्यादा लोग समझ सके. फिल्म में तरुण बोस और पद्मा खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. इसके अलावा हेलेन, शुभा खोटे, अचला सचदेव और रामायण तिवारी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे.

ये भी पढ़ें- Diwali Puja Photos: आलिया भट्ट ने की पूजा, मस्ती में दिखीं राहा, नए आशियाने में रणबीर के परिवार ने मनाई पहली दिवाली

फिल्म में था छठ पूजा पर खास गाना

फिल्म ‘भैया’ में छठ पूजा पर आधारित एक भावुक गाना शामिल किया गया था, जिसके बोल थे ‘सूपवे नारियरवे बजली मूरि मइया’. इस गाने के जरिए छठी मैया को सूप और नारियल जैसे प्रसाद चढ़ाने की परंपरा को दिखाया गया था. यह गीत छठ महापर्व की आस्था और श्रद्धा को खूबसूरती से बयां करता है. इस गाने को हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज दी थी. इनमें लता मंगेशकर, आशा भोसले, उषा मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मन्ना डे और कमल बारोट जैसे मशहूर सिंगर्स शामिल थे. गाने का संगीत चित्रगुप्त ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल विद्यावशिनी देवी और प्रेम धवन ने लिखे थे.

छठ पूजा के इतिहास में खास है फिल्म ‘भैया’

फिल्म ‘भैया’ ने छठ पूजा को सिनेमा के जरिए लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. इस फिल्म के बाद क्षेत्रीय त्योहारों और परंपराओं को फिल्मों में दिखाने का रास्ता खुला. खासतौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश के दर्शकों के बीच इस फिल्म और इसके गाने को काफी पसंद किया गया था. आज भी ‘सूपवे नारियरवे बजली मूरि मइया’ छठ पूजा के मौके पर सुनाई देने वाले खास गीतों में शामिल है. यह गाना लोगों को पुराने दिनों की याद दिलाने के साथ छठी मैया के प्रति उनकी आस्था को भी दर्शाता है.

Related Articles

Back to top button