खेल

1.23 लाख रु किलो दिवाली की मिठाई

दिवाली पर आपने काजू कतली, लड्डू और ड्राई फ्रूट्स की मिठाई तो खूब खाई होगी, लेकिन क्या कभी ऐसी मिठाई देखी है, जिसकी एक किलो कीमत में नई बाइक खरीदी जा सकती है? राजस्थान की राजधानी जयपुर में इस दिवाली एक ऐसी ही खास मिठाई चर्चा में है। इसका नाम ‘त्योहार अशर्फी’ है। इसकी कीमत इतनी ज्यादा है कि सुनकर अच्छे-अच्छे लोगों के होश उड़ सकते हैं। इस मिठाई का सिर्फ 9 ग्राम का एक पीस 1,111 रुपए में बिक रहा है। इस हिसाब से एक किलो मिठाई की कीमत करीब 1 लाख 23 हजार 444 रुपए बैठती है।

सोने के सिक्के जैसी दिखती है यह मिठाई
‘त्योहार अशर्फी’ को पुराने जमाने में राजा-महाराजाओं के समय इस्तेमाल होने वाले सोने के सिक्कों यानी अशर्फियों के आकार में तैयार किया गया है। इसका मकसद मिठाई को सिर्फ खाने की चीज नहीं, बल्कि दिवाली पर एक खास और शाही तोहफे के रूप में पेश करना है।

बादाम, सोना और केसर से होती है तैयार
इस मिठाई की सबसे बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री है। इसके अंदर बादाम से तैयार किया गया हिस्सा भरा जाता है। इसमें खाने योग्य सोना यानी स्वर्ण भस्म मिलाई जाती है।

इसके बाद मिठाई के ऊपर सोने की पतली परत चढ़ाई जाती है। आखिर में इसे केसर से सजाया जाता है।
यानी यह मिठाई सिर्फ सोने जैसी दिखती ही नहीं, बल्कि इसे बनाने में खाने योग्य सोने का इस्तेमाल भी किया जाता है।

एक पीस के लिए देने होंगे 1,111 रुपए
इसकी कीमत भी खास अंदाज में रखी गई है। एक पीस का वजन 9 ग्राम और कीमत 1,111 रुपए है। वहीं, 9 पीस वाले एक डिब्बे की कीमत 9,999 रुपए रखी गई है। दुकान की फाउंडर सीए अंजलि जैन के मुताबिक, 1,111 का अंक शुभ माना जाता है, इसलिए इसकी कीमत इसी आधार पर तय की गई है।

इस मिठाई के पीछे पुराने समय की सोने की अशर्फियां देने की परंपरा से प्रेरणा ली गई है। पहले सोने की अशर्फियां समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक मानी जाती थीं। इसी परंपरा को नए अंदाज में दिवाली गिफ्ट के तौर पर पेश किया गया है।

जयपुर के इस आउटलेट ने ‘त्योहार नवरत्न’ नाम से नौ तरह की काजू कतली भी पेश की है। इनमें पिस्ता, केसर, गुलाब, स्ट्रॉबेरी और आम जैसे अलग-अलग फ्लेवर शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button