इवेंट मैनेजमेंट में कैसे बनाएं करियर? जानें कोर्स, फीस और सैलरी

आज के समय में इवेंट मैनेजमेंट युवाओं के लिए करियर का एक अच्छा विकल्प बनकर उभर रहा है. त्योहारों, शादियों, कॉरपोरेट मीटिंग्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में प्रोफेशनल लोगों की मांग बढ़ रही है. ऐसे में क्रिएटिविटी के साथ मैनेजमेंट में इंटरेस्ट रखने वाले स्टूडेंट इस क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकते हैं. खास बात यह है कि 12वीं के बाद साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स, किसी भी स्ट्रीम के स्टूडेंट इस फील्ड में एडमिशन ले सकते हैं. इसमें डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और डिग्री कोर्स के विकल्प मौजूद हैं. आइए जानते हैं योग्यता, फीस, जरूरी स्किल्स और करियर के अवसरों के बारे में.
इवेंट मैनेजमेंट के लिए क्या है योग्यता?
इवेंट मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के लिए छात्रों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. इस कोर्स में साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स, तीनों स्ट्रीम के स्टूडेंट एडमिशन ले सकते हैं. कई कॉलेजों में 12वीं के नंबरों के आधार पर एडमिशन दिया जाता है. वहीं, कुछ विश्वविद्यालयों में CUET या संस्थान की अपनी प्रवेश परीक्षा के जरिए एडमिशन मिलता है. पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में एडमिशन के लिए कुछ संस्थान CAT, MAT, XAT, GMAT और GRE जैसी परीक्षाओं के स्कोर भी स्वीकार करते हैं.
कौन-कौन से कोर्स कर सकते हैं?
12वीं के बाद स्टूडेंट अपनी जरूरत और बजट के अनुसार इवेंट मैनेजमेंट का कोर्स चुन सकते हैं. इसमें मुख्य रूप से ये विकल्प उपलब्ध हैं.
डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स: इनकी अवधि लगभग 6 महीने से 1 साल तक होती है. इनमें व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर दिया जाता है.
अंडरग्रेजुएट डिग्री: BBA in Event Management और BA in Event Management जैसे कोर्स आमतौर पर 3 साल के होते हैं. इनमें इवेंट प्लानिंग, मार्केटिंग, फाइनेंस और आयोजन मैनेजमेंट की जानकारी दी जाती है. कॉलेज और कोर्स के आधार पर फीस में अंतर होता है. सामान्य तौर पर इसकी फीस लगभग 20 हजार रुपये से 5 लाख रुपये तक हो सकती है.
सफलता के लिए जरूरी स्किल्स
इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कम्युनिकेशन, टाइम मैनेजमेंट, मल्टीटास्किंग और समस्या का समाधान निकालने की क्षमता जरूरी है. इसके अलावा क्लाइंट्स और वेंडर्स के साथ बातचीत करने, बजट संभालने और कम समय में सही फैसले लेने का हुनर भी काम आता है.
इवेंट मैनेजमेंट में करियर और सैलरी
कोर्स पूरा करने के बाद युवा इवेंट प्लानर, इवेंट कोऑर्डिनेटर, वेडिंग प्लानर और कॉरपोरेट इवेंट मैनेजर जैसे पदों पर काम कर सकते हैं. इनकी जिम्मेदारी शादियों, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार, प्रोडक्ट लॉन्च और दूसरे कार्यक्रमों की योजना बनाने से लेकर उन्हें सफलतापूर्वक पूरा करने तक होती है.
शुरुआती स्तर पर इस क्षेत्र में लगभग 20 हजार से 30 हजार रुपये प्रति माह की कमाई हो सकती है. एक्सपीरियंस, स्किल्स और कंपनी के आधार पर सैलरी बढ़ती है. बड़े प्रोजेक्ट्स और प्रतिष्ठित क्लाइंट्स के साथ काम करने वाले अनुभवी प्रोफेशनल्स की कमाई काफी ज्यादा हो सकती है. हालांकि, वास्तविक वेतन संस्थान, शहर और जिम्मेदारियों पर निर्भर करता है.




