दिल्ली में बनेगा नया मेडिकल कॉलेज, MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी

दिल्ली में चिकित्सा शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और मजबूत होगी. दिल्ली सरकार ने चिकित्सा शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा का बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर को अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले के तहत दिल्ली में एक नया मेडिकल कॉलेज खाेला जाएगा, जिसके तहत दिल्ली सरकार रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह गवर्नमेंट हॉस्पिटल (GGSGH) में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने जा रही है. इस मेडिकल कॉलेज में MBBS की 150 सीटें होंगी तो वहीं पोस्टग्रेजुएट (PG) की 40 सीटें होंगी. यह मेडिकल कॉलेज 1322 बेड वाले एक व्यापक स्वास्थ्य परिसर का हिस्सा होगा, जो वेस्ट दिल्ली में चिकित्सा शिक्षा, विशेष उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.
आइए, जानते हैं कि गुरु गोबिंद सिंह गवर्नमेंट हॉस्पिटल (GGSGH) कैंपस के कितने दायरे में नया मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाना है. जानेंगे कि इसको लेकर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा है.
13 एकड़ में बनाया जाएगा मेडिकल कॉलेज
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशानिर्देशों के अनुसार मौजूदा अस्पताल परिसर में लगभग 13 एकड़ क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल बनाया जाएगा. इससे जुड़े हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर में 472 बिस्तरों वाला एक समर्पित ‘मातृ एवं शिशु अस्पताल’ और 850 बिस्तरों वाला एक ‘जनरल अस्पताल’ शामिल होगा, जिन्हें रघुबीर नगर में विकसित किया जा रहा है.
यह विस्तार विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल वर्तमान में वेस्ट दिल्ली की लगभग 10 लाख लोगों की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है. इस बुनियादी ढांचे के विस्तार से इस क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन उपचार और क्रिटिकल केयर तक पहुंच और मजबूत होगी.
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया अहम
रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह गवर्नमेंट हॉस्पिटल (GGSGH) में स्थापित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अहम बताया है. स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार एक बेहद मजबूत स्वास्थ्य सेवा तंत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सुलभ और उन्नत उपचार सुविधाएं शामिल हों. उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना और इससे जुड़े अस्पतालों का विस्तार लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.




