क्या आप भी बदलने वाले हैं अपना स्मार्टफोन? बिना सर्विस सेंटर के चक्कर लगाए ऐसे करें ई-सिम ट्रांसफर!

इंटरनेट की दुनिया में सबकुछ डिजिटल होता जा रहा है.बात अगर स्मार्टफोन की करें, तो फिजिकल सिम कार्ड का दौर अब खत्म होने की ओर है और उसकी जगह ले रही है eSIM. न सिम ट्रे टूटने का डर और न ही फोन बदलते समय पिन खोजने की समस्या. लेकिन, जब हाथ में नया स्मार्टफोन हो और उसमें पुरानी ई-सिम चलानी हो, तो कई बार लोग समस्या में आ जाते हैं कि आखिर इस डिजिटल सिम को एक फोन से दूसरे फोन में कैसे ट्रांसफर किया जाए?
खास तौर पर उन लोगों के लिए यह सिरदर्द बन जाता है जो एक साथ दो सिम कार्ड का इस्तेमाल करते हैं यानी एक फिजिकल और एक ई-सिम, या फिर दोनों ही ई-सिम. अगर आप भी जल्द ही कोई नया स्मार्टफोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं और बिना सर्विस सेंटर के चक्कर काटे अपनी ई-सिम को चुटकियों में नए फोन पर शिफ्ट करना चाहते हैं, तो यह पूरा प्रोसेस आपके लिए बहुत ही काम का है. आइए जानते हैं…
पहले जान लें ये जरूरी बातें
eSIM ट्रांसफर करने से पहले यह चेक कर लें कि आपका नया स्मार्टफोन eSIM को सपोर्ट करता है या नहीं. इसके साथ ही पुराने फोन को तब तक अपने पास रखें, जब तक नए डिवाइस में नेटवर्क आना शुरू न हो जाए. नए फोन को Wi-Fi से कनेक्ट रखना भी जरूरी है. अगर आप दो नंबर इस्तेमाल करते हैं और दोनों ही eSIM हैं, तो हर नंबर के लिए अलग-अलग ट्रांसफर रिक्वेस्ट करनी होगी.
Jio यूजर्स ऐसे करें eSIM ट्रांसफर
अगर आपका नंबर Jio का है, तो सबसे पहले नए फोन में *#06# डायल करके उसका 32 अंकों का EID नंबर मिल जाएगा. अब पुराने फोन में MyJio ऐप पर जाएं और सर्च बार में eSIM लिखकर Switch to eSIM ऑप्शन को सेलेक्ट करें. इसके बाद अपनी ईमेल आईडी वेरिफाई करें और नए फोन का EID लिखें. रजिस्टर्ड Jio नंबर पर आए OTP से रिक्वेस्ट को वेरिफाई कर लें.
इसके बाद दो घंटे का कूलिंग पीरियड पूरा होने पर कंपनी की ओर से ऑटोमेटेड कॉल आएगी. कॉल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार कन्फर्मेशन दें. फिर नए फोन पर eSIM प्रोफाइल का नोटिफिकेशन या ईमेल पर QR कोड मिलेगा. इसे इंस्टॉल करते ही नया फोन आपके नंबर से कनेक्ट हो जाएगा.
Airtel यूजर्स को क्या करना होगा?
Airtel यूजर्स को इसके लिए सबसे पहले Airtel Thanks ऐप में जाकर Manage Services या Upgrade to eSIM का ऑप्शन सेलेक्टर करना होगा. अब Get eSIM for another device पर टैप करके नए फोन का EID नंबर ठीक उसी तरह यहां भी लिखना होगा. इसके बाद रजिस्टर्ड नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा कर लें. कंपनी की ओर से आने वाली ऑटोमेटेड कॉल पर भी परमिशन देनी होगी. इसके बाद नए फोन की सेटिंग में जाकर eSIM डाउनलोड कर लें और यहीं से एक्टिवेट कर लें.
iPhone और Android में भी है आसान तरीका
अगर आप पुराने iPhone से नए iPhone में जा रहे हैं, यह प्रोसेस आपके लिए और भी आसान हो जाता है. इसके लिए सबसे पहले आपको Settings जाना होगा. यहां Mobile Service, फिर Add eSIM और Transfer from Nearby iPhone वाले ऑप्शन को सेलेक्ट करना होगा. फिर दोनों फोन को पास में रखें, Bluetooth और Wi-Fi ऑन रखें और पुराने फोन पर ट्रांसफर को परमिशन दें. कुछ नए Android फोन में भी Transfer from another device का ऑप्शन मिलता है. Jio में यह सुविधा Android 14 या उससे नए वर्जन वाले सपोर्टेड फोन पर मिलती है.
ट्रांसफर के दौरान न करें ये गलती
सबसे जरूरी बात, नया फोन ऑन होने से पहले पुराने फोन की eSIM डिलीट न करें. नेटवर्क आने तक पुराना फोन को इंटरनेट से कनेक्टेड रखें. साथ ही ध्यान दें कि eSIM ट्रांसफर के बाद सुरक्षा नियमों के तहत 24 घंटे तक SMS सर्विस बंद रह सकती है. ऐसे में सिम ट्रांसफर करने से पहले ही बैंकिंग और UPI से जुड़े जरूरी काम निपटा लें.
ये भी पढ़ेंः Microsoft से लेकर Outlook तक सब ठप! बार-बार क्यों धोखा दे रहे हैं दुनिया के बड़े क्लाउड सर्वर?
ये भी पढ़ेंः स्मार्टफोन 3-4 साल में स्लो क्यों होने लगता है? क्या नया फोन खरीदना जरूरी है? ये हैं बड़े कारण




