एसएस राजामौली की 1200 करोड़ी ‘वाराणसी’ होगी पोस्टपोन? टेक्निकल चैलेंज ने खेल बिगाड़ा!

दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली लंबे वक्त से अपनी अगली फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं. इसका बजट करीब 1200 करोड़ बताया जा रहा है. बाहुबली पार्ट 1, बाहुबली पार्ट 2 और फिर आरआरआर से देश के साथ-साथ ओवरसीज मार्केट में भी अपना दम दिखाने के बाद वो अपनी इस फिल्म से फिर ग्लोबली छाने की तैयारी में हैं. फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे मंझे हुए और मशहूर कलाकारों को लिया गया है. काफी पहले ही उन्होंने फिल्म की रिलीज़ की तारीख भी तय कर ली थी, पर अब लगता है कि कई बड़ी फिल्मों की तरह ये भी पोस्टपोन होने की राह पर जा रही है.
‘वाराणसी’ के मेकर्स ने इसकी रिलीज़ के लिए 7 अप्रैल 2027 की तारीख तय की है. सैकनिल्क ने वलाई पेचु (तमिल एंटरटेनमेंट यूट्यूब चैनल) के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि मेकर्स ‘वाराणसी’ को अब कुछ महीने के लिए पोस्टपोन करने पर विचार कर रहे हैं. इसकी वजह टेक्निकल चैलेंज बताया गया है. बताया गया है कि मेकर्स को तय वक्त पर फिल्म को आईमैक्स और अन्य प्रीमियम थिएट्रिकल फॉर्मेट में तैयार करने में दिक्कत हो रही है.
18 फॉर्मेट में फिल्म रिलीज करने की तैयारी!
रिपोर्ट में बताया गया है कि फिल्म की रिलीज के लिए दुनियाभर में 18 अलग-अलग एग्जीबिशन फॉर्मेट को टारगेट किया जा रहा है. इसके लिए जरूरी कंटेंट रिलीज से करीब 40 दिन पहले डिलीवर करना होगा. फिल्म के बड़े स्तर पर हो रहे विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम को देखते हुए इस डेडलाइन को पूरा करना मुश्किल साबित हो रहा है. हालांकि, मेकर्स ने अब तक फिल्म की रिलीज पोस्टपोन करने के बारे में कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. फिलहाल तो 7 अप्रैल की रिलीज डेट ही कंफर्म है.
क्या है चुनौतियां?
‘वाराणसी’ सामान्य थिएट्रिकल फिल्म की तरह नहीं बनाई जा रही है. राजामौली पहले ही बता चुके हैं कि वो इस फिल्म को आईमैक्स के एक्सपैंडेड 1.43:1 एस्पेक्ट रेशियो (स्क्रीन साइज) में बना रहे हैं. इससे आईमैक्स सिनेमाघरों में दर्शकों को सामान्य वाइडस्क्रीन के मुकाबले काफी बड़ी और ऊंची तस्वीर देखने को मिलेगी. उन्होंने ये भी बताया था कि आईमैक्स और सामान्य सिनेमास्कोप स्क्रीन के लिए फ्रेम सीन्स को एडजस्ट करने के लिए किन चीज़ों की जरूरत पड़ेगी. अलग-अलग फॉर्मेट में रिलीज होने वाले वर्जन में मूल विजुअल कंपोजिशन को बरकरार रखना होगा, ताकि किसी भी फॉर्मेट में दर्शकों के देखने का अनुभव प्रभावित न हो. ये एक बड़ी चुनौती है.
ये भी पढ़ें- 8 दिन में 200 करोड़ किए पार, विदेश में बंपर कमाई, रणबीर कपूर की रामायण के आगे सूर्या की सीन की दहाड़
चुनौती सिर्फ तैयार फिल्म को अलग अलग स्क्रीन साइज में एक्सपोर्ट करने तक नहीं है. आईमैक्स के लिए खास तस्वीर और साउंड मास्टरिंग की जरूरत पड़ती है. वहीं डॉल्बी सिनेमा में कलर ग्रेडिंग औक प्रेजेंटेशन की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा स्क्रीनएक्स फॉर्मेट के लिए कुछ चुने गए सीन्स को दोनों तरफ दिखाने के हिसाब से शूट किया जाता है. इसके अलावा 4DX फॉर्मेट में सीटों की मूवमेंट और आसपास के माहौल से जुड़े इफेक्ट्स को फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के साथ तालमेल बिठाकर तैयार करना पड़ता है. हालांकि मेकर्स ने अभी आधिकारिक तौर पर नहीं खुलासा किया है कि वो कितने फॉर्मेट पर फिल्म रिलीज़ करेंगे.




