एवेंजर्स डूम्सडे के पहले फैंस को मिली बड़ी ट्रीट, OTT पर आ गई 26000 करोड़ कमाने वाली एवेंजर्स एंडगेम मूवी

Avengers Endgame OTT Update: हॉलीवुड में मार्वल्स की फिल्मों का अलग ही क्रेज रहा है. मार्वल्स की फिल्में सिनेमाघरों में हमेशा से बंपर कमाई करती रही हैं और नए कीर्तिमान रचती रही हैं. इस क्रम में अब नई फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. एवेंजर्स एंडगेम के बाद ये मार्वल्स की अगली फिल्म है. इसे लेकर साल की शुरुआत से ही बंपर क्रेज देखने को मिला है. इसके अलावा ऐसा भी माना जा रहा है कि ये फिल्म सिनेमा के इतिहास की बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल करने वाली मूवी होगी.
लेकिन इसी बीच मेकर्स ने एक और बड़ा फैसला लिया है. डूम्सडे की रिलीज के पहले माहौल बनाने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एवेंजर्स एंडगेम को रिलीज करने की योजना बनाई. आइए जानते हैं कि इस फिल्म को लेकर क्या डिटेल्स हैं और दुनियाभर के सिनेमाघरों में एवेंजर्स डूम्सडे कब रिलीज की जा रही है.
कब होगी एवेंजर्स एंडगेम की स्ट्रीमिंग?
एवेंजर्स एंडगेम साल 2019 की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म थी. इसके बाद साल 2026 में ही इसे अनकट वर्जन के साथ री-रिलीज किया गया जिसका टाइटल एवेंजर्स एंडगेम एनकोर रखा गया. बॉक्स ऑफिस पर हालांकि इस फिल्म को पहले जैसी सफलता नहीं मिली. अब ये फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे के पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने जा रही है. 25 सितंबर 2026 को ये फिल्म थिएटर्स में रिलीज की गई थी. अब 13 नवंबर 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस पर इसकी स्ट्रीमिंग शुरू कर दी गई है. वहीं शुक्रवार से ये फिल्म भारत में जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम होनी शुरू हो गई है. अब फैंस घर बैठे इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- वर्ल्ड सिनेमा में लहराया रामायण का परचम, बनी सबसे ज्यादा स्क्रीन्स वाली मूवी, अवतार-एवेंजर्स एंडगेम से भी निकली आगे
कब आ रही है एवेंजर्स डूम्सडे?
साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे की रिलीज का वक्त आखिरकार आ गया है. ये फिल्म स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ने के लिए जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. फिल्म 17 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है. भारत समेत दुनियाभर में एवेंजर्स एंडगेम का क्रेज तगड़ा है. ऐसे में इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर भी बड़े करिश्मे की उम्मीद लगाई जा रही है. कहा तो ये भी जा रहा है कि ये फिल्म अवतार के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ देगी जो मौजूदा समय में वर्ल्ड सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म है.




