मनोरंजन

Panchayat Season 5 Release Date: खत्म हुआ इंतजार! 3 दिसंबर को लौटेंगे सचिव जी, प्रधानपति ‘बनराकस’ बदलेगा फुलेरा की तस्वीर?

Panchayat Season 5 Release Date: ओटीटी की दुनिया की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज ‘पंचायत’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा कर आधिकारिक तौर पर ‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. दर्शकों के चहेते सचिव जी और फुलेरा गांव की अनोखी दुनिया 3 दिसंबर 2026 को एक बार फिर दस्तक देने जा रही है. इस नए सीजन का एक्सक्लूसिव प्रीमियर प्राइम वीडियो पर भारत के साथ दुनियाभर के 240 से अधिक देशों में होगा.

सीजन 5 में फुलेरा की गलियों में सियासी पारा पहले से कहीं ज्यादा चढ़ा हुआ नजर आएगा. गांव को नया मुखिया मिल चुका है और अब ‘बनराकस’ (दुर्गेश कुमार) नए प्रधानपति की कुर्सी पर विराजमान हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि सत्ता हाथ में आने के बाद बनराकस फुलेरा के लिए क्या नए दांव चलते हैं? क्या वे वाकई गांव की तस्वीर बदलने में कामयाब होंगे या फिर उनके बड़े-बड़े वादे महज दिखावा साबित होंगे? सत्ता परिवर्तन के साथ ही गांव में नई दुश्मनियां, बदलते रिश्ते, हल्का-फुल्का हास्य और इमोशनल उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे.

द वायरल फीवर के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्देशन एक बार फिर दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि इसकी रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर की है. नए सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक की पूरी टीम अपने यादगार किरदारों में वापसी कर रही है.

View this post on Instagram

A post shared by prime video IN (@primevideoin)

कुंभकर्ण बने थे ‘प्रहलाद चा’

हमेशा की तरह इस सीजन भी सीरीज में सबके चहेते ‘प्रहलाद चा’ का किरदार निभाने वाले एक्टर फैसल मलिक एक बार फिर अपने उसी सादगी भरे और भावुक अंदाज में लौट रहे हैं. लेकिन हाल ही में आई नितेश तिवारी की भव्य फिल्म ‘रामायण’ में उन्होंने कुंभकर्ण का किरदार निभाया. कुंभकर्ण के बाद फिर एक बार उनका ‘प्रहलाद चा’ वाला रूप देखने के लिए दर्शक उत्सुक हैं.

आज भी मिलता है बेशुमार प्यार

जहां आजकल ज्यादातर ओटीटी शोज में क्राइम, सस्पेंस और मारधाड़ की भरमार रहती है, वहीं ‘पंचायत‘ को इसकी सादगी, गांव की सोंधी खुशबू और आम जिंदगी से जुड़े छोटे-छोटे जज्बाती पल सबसे अलग बनाते हैं. बिना किसी बनावट के हंसाने और अगले ही पल आंखें नम कर देने का यही देसी अंदाज इसे परिवार के साथ देखने लायक खास सीरीज बनाता है. दर्शकों के इसी बेशुमार प्यार की बदौलत ‘पंचायत’ भारत के उन चुनिंदा ओटीटी शोज में शामिल हो गई है, जिन्होंने पांचवें सीजन तक का शानदार सफर तय किया है.

Related Articles

Back to top button