मनोरंजन

दर्शकों को पसंद नहीं आया है श्रद्धा कपूर का नया गाना ‘जी जी रे जी’? सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय

श्रद्धा कपूर इस वक्त अपनी अपकमिंग फिल्म ईठा को लेकर चर्चा में बनी हुई है. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जो काफी पसंद किया गया. वहीं, अब फिल्म का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ भी रिलीज हो गया है. हालांकि, गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों की अलग-अलग राय सामने आने लगी है. कुछ लोगों को गाने में श्रद्धा का डांस और उनकी परफॉर्मेंस पसंद नहीं आई, तो कुछ ने म्यूजिक और कंपोजिशन की भी आलोचना की है.

वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो गाने का बचाव कर रहे हैं. उनका कहना है कि यह फिल्म के एक खास थिएटर सीक्वेंस का हिस्सा है, इसलिए इसे पूरी तरह समझने के लिए सिनेमाघरों में देखना जरूरी है. गाना रिलीज होने के कुछ ही समय बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने X पर अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी.

गाने को लेकर क्या बोले यूजर

एक यूजर ने लावणी डांस में श्रद्धा के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए लिखा, “प्रियंका चोपड़ा, विद्या बालन या फिर कोई भी टैलेंटेड मराठी एक्ट्रेस ‘जी जी रे जी’ और ‘ईठा’ को यादगार बना सकती थी. लावणी को शालीनता, अच्छे एक्सप्रेशंस और इस कला की सही समझ के साथ कैसे किया जाता है, यह देखिए. श्रद्धा कपूर इसका एक प्रतिशत भी नहीं कर पाईं.”

वहीं, एक दूसरे यूजर ने गाने को निराशाजनक बताते हुए लिखा, “‘ईठा’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ बहुत बड़ी निराशा है. श्रद्धा कपूर के एनर्जेटिक डांस मूव्स के बावजूद गाना कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाता. म्यूजिक बार-बार एक जैसा लगता है, लिरिक्स में दम नहीं है और पूरा कंपोजिशन भी खास प्रभावित नहीं करता.”

एक अन्य यूजर ने गाने के बैकग्राउंड म्यूजिक की तुलना फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ से करते हुए लिखा, “‘जी जी रे जी’ की शुरुआत एक अच्छे डायलॉग से होती है, लेकिन इसके बाद गाना फीका पड़ जाता है और उम्मीद के मुताबिक प्रभाव नहीं छोड़ता. इसके लिरिक्स और बैकग्राउंड म्यूजिक कमजोर लगते हैं और काफी हद तक ‘बाजीराव मस्तानी’ की याद दिलाते हैं.”

कुछ लोगों ने किया गाने का बचाव

हालांकि, हर किसी को यह गाना खराब नहीं लगा. कुछ यूजर्स ने इसकी प्रस्तुति का बचाव करते हुए कहा कि इसे एक छोटे थिएटर में होने वाले खास डांस और म्यूजिक सीक्वेंस के तौर पर फिल्माया गया है. एक यूजर ने लिखा, “पूरा डांस और म्यूजिक एक छोटे स्टेज पर होने वाले आर्टिस्टिक थिएटर सीक्वेंस का हिस्सा है. इसे बॉलीवुड के किसी मसाला गाने जैसा नहीं होना चाहिए. यह गाना फिल्म की कहानी और थीम के साथ अच्छी तरह मेल खाता है. जो लोग अभी इसकी कमियां निकाल रहे हैं, उन्हें पूरी लंबी सीक्वेंस सिनेमाघरों में देखने के बाद समझ आएगा.”

एक दूसरे यूजर ने श्रद्धा के एक्सप्रेशंस की तारीफ करते हुए लिखा, “श्रद्धा कपूर ने एक सेकंड में 300 एक्सप्रेशंस दिए हैं. मुझे लगता है कि यह श्रेस्या घोषाल का अगला नेशनल अवॉर्ड हो सकता है.” इसी तरह एक और यूजर ने गाने की तारीफ करते हुए लिखा, “इस गाने में फिल्म की पूरी भावनाएं दिखाई गई हैं. इसे सिर्फ एक छोटी सी झलक समझिए. सिनेमाघरों में जब पूरा लंबा सीक्वेंस देखने को मिलेगा, तो अनुभव शानदार होगा.”

बता दें कि फिल्म ‘ईठा’ मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है. फिल्म में श्रद्धा कपूर उनका किरदार निभाते हुए उनकी जिंदगी के सफर को बड़े पर्दे पर दिखाएंगी. यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

Related Articles

Back to top button