आमिर खान की ‘ललकारा’ में दिखेगी नई तिकड़ी, विक्रांत मैसी समेत ये 2 एक्टर्स आएंगे नजर

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इस वक्त अपनी अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. एक्टर जल्द ही नई फिल्म ला रहे हैं, जिसका टाइटल है ‘ललकारा’. जब से इस फिल्म का ऐलान हुआ है तब से दर्शक ये जानने के लिए उत्साहित थे कि फिल्म में कौन-कौन नजर आएगा. अब फिल्म के लीड एक्टर्स के नामों का खुलासा हो गया है. आमिर खान की इस फिल्म में नई तिकड़ी नजर आने वाली है.
जी हां, रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में विक्रांत मैसी, जितेंद्र कुमार और धैर्य करवा को लीड रोल के लिए चुना गया है. हालांकि, अभी तक तीनों के किरदारों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इन तीनों एक्टर्स की नई जोड़ी ने फिल्म को लेकर दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है.
कास्टिंग में हुए कई बदलाव
पिछले कुछ महीनों में इस फिल्म की कास्टिंग को लेकर कई बदलाव हुए हैं. शुरुआत में फरहान अख्तर को भी फिल्म में एक अहम भूमिका के लिए चुना जाना था, लेकिन नीरज पांडे की आरडी बर्मन पर बन रही बायोपिक के साथ अपनी व्यस्तता के चलते उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली. इसके बाद ‘जुबली’ फेम सिद्धांत गुप्ता और ‘धुरंधर’ में नजर आए दानिश पांडोर के नाम भी लगभग फाइनल हो गए थे. हालांकि, फिल्म की शूटिंग में देरी के कारण उनका शेड्यूल दूसरी फिल्मों के साथ टकराने लगा, जिसके चलते उन्होंने भी प्रोजेक्ट छोड़ दिया.
अब नई स्टारकास्ट के फाइनल होने के बाद आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर जनवरी 2027 में फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं. फिलहाल फिल्म का प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है. टेक्निकल टीम फिल्म के बड़े स्तर, प्रोडक्शन डिजाइन और विजुअल प्रेजेंटेशन पर तेजी से काम कर रही है. अभी फिल्म की रिलीज डेट तय नहीं हुई है, लेकिन मेकर्स इसे 2028 के आखिरी महीनों में सिनेमाघरों में रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं.
ललकारा के बारे में
फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट, राजकुमार हिरानी के साथ मिलकर कर रही है. ‘ललकारा’ की कहानी साल 1952 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेली गई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज पर आधारित है. यह बंटवारे के बाद दोनों देशों के बीच खेली गई पहली टेस्ट सीरीज थी. इस मुकाबले ने क्रिकेट की दुनिया में भारत और पाकिस्तान के बीच उस बड़ी प्रतिद्वंद्विता की नींव रखी, जो आगे चलकर दुनिया की सबसे चर्चित खेल प्रतिद्वंद्विताओं में शामिल हो गई.
फिल्म की कहानी पीयूष गुप्ता (‘दंगल’, ‘छिछोरे’) और नीरज सिंह (‘निल बटे सन्नाटा’) ने लिखी है. इसमें क्रिकेट के मैदान के जरिए दोस्ती, कड़ी प्रतिद्वंद्विता और देश के गौरव जैसे मुद्दों को दिखाया जाएगा. फिल्म में भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट इतिहास के उस अहम अध्याय को पर्दे पर उतारा जाएगा, जिसे अब तक बड़े पर्दे पर नहीं दिखाया गया है. आमिर खान फिल्म में क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी लाला अमरनाथ का किरदार निभाएंगे. वह आजाद भारत के पहले क्रिकेट कप्तान थे और उन्होंने 1952 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की कमान संभाली थी.




