NEET पेपर लीक के बाद NTA में क्या बदलाव हुए हैं? आपके लिए जानना है जरूरी

NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी परीक्षा प्रणाली में कई बड़े बदलाव किए हैं. पिछले पांच महीनों में एजेंसी ने परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था तैयार की है. इसके तहत 5,000 से अधिक वेरिफाइड सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स और ट्रांसलेटर्स का समूह बनाया गया है. साथ ही प्रश्नों का बड़ा बैंक तैयार करने, परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है.
स्टूडेंट्स की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए AI बेस्ड अभ्यास प्लेटफॉर्म और बहुभाषी हेल्पलाइन (Multilingual Helpline) भी शुरू की गई है.
पेपर लीक के बाद हटाए गए 650 विशेषज्ञ
NEET-UG पेपर लीक के बाद NTA ने परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान करीब 650 सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स को पैनल से हटा दिया गया जो पेपर लीक की जांच के दायरे में आए थे. इसके बाद एजेंसी ने एक्सपर्ट्स और ट्रांसलेटर्स का नया समूह तैयार करने का फैसला किया.
अब NTA के पास 5,000 से अधिक वेरिफाइड सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स , मॉडरेटर और ट्रांसलेटर्स हैं. इनका चयन कई स्तरों की जांच और वेरिफिकेशन के बाद किया गया है. ये विशेषज्ञ प्रश्नपत्र तैयार करने, उनकी समीक्षा करने, ट्रांसलेट और मूल्यांकन जैसे गोपनीय कार्यों में मदद करेंगे. नए पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी खुली रखी जाएगी.
तैयार किया जा रहा है बड़ा प्रश्न बैंक
परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका कम करने के लिए NTA एक विशाल इंटरनल क्वेशन बैंक तैयार कर रहा है. इसमें पहले से वेरिफाइड एक्सपर्ट्स की मदद ली जाएगी. विशेषज्ञों को यह जानकारी नहीं दी जाएगी कि उनके तैयार किए गए सवाल किस परीक्षा में इस्तेमाल होंगे. इसका उद्देश्य प्रश्नों का इतना बड़ा कलेक्शन तैयार करना है कि किसी भी व्यक्ति के लिए सवालों को याद रखना या पहले से लीक करना मुश्किल हो. यह व्यवस्था NEET-UG को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में बदलने की योजना से भी जुड़ी हुई है.
परीक्षा की निगरानी के लिए बनेगा विशेष समूह
NTA परीक्षा केंद्रों पर निगरानी मजबूत करने के लिए प्री-वेरिफाइड ऑब्जर्वर का स्थायी समूह तैयार कर रहा है. इसमें सरकारी संस्थानों के सेवारत और रिटायर एकेडमिक और प्रशासनिक कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा. इससे परीक्षा केंद्रों पर समय से ऑब्जर्वर की नियुक्ति हो सकेगी. साथ ही अंतिम समय में कर्मचारियों की कमी और उनके बदलाव की समस्या भी कम होगी.
हर जिले में परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी
एजेंसी हर जिले में कम से कम एक परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए सरकारी और प्राइवेट स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, IIT, NIT, IIIT, IIM और AIIMS जैसे संस्थानों से आवेदन मांगे गए हैं. कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा केंद्रों पर प्रति शिफ्ट कम से कम 285 कंप्यूटर वर्कस्टेशन होने चाहिए. वहीं, पेन-पेपर परीक्षा के लिए प्रति शिफ्ट कम से कम 250 उम्मीदवारों के बैठने की व्यवस्था जरूरी होगी. परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर और उम्मीदवारों के बीच पर्याप्त दूरी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.
AI प्लेटफॉर्म से कर सकेंगे मॉक टेस्ट
NTA ने छात्रों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए अपने अभ्यास पोर्टल को AI सुविधाओं से अपडेट किया है. यह प्लेटफॉर्म 2 अक्टूबर को शुरू किया गया था. इस पर छात्र जेईई मेन, जेईई एडवांस्ड, एनईईटी-यूजी और यूजीसी-नेट की तैयारी कर सकते हैं. इसमें वास्तविक परीक्षा की तरह मॉक टेस्ट, टाइमर और प्रश्नों को रिव्यू के लिए मार्क करने की सुविधा मुफ्त दी गई है. टेस्ट पूरा होने के बाद छात्रों को उनके प्रदर्शन की रिपोर्ट मिलेगी. इससे उन्हें अपनी कमजोरियों, मजबूत विषयों और टाइम मैनेजमेंट से जुड़ी कमियों का पता चलेगा. इसके अलावा, पोर्टल पर चैप्टर वाइज प्रैक्टिस, पिछले वर्षों के प्रश्न, विषयवार टेस्ट और सवालों के समाधान भी उपलब्ध हैं. ये प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है.




