CBSE बोर्ड परीक्षा में बदल सकता है मूल्यांकन का तरीका, रटने के बजाय समझ और प्रैक्टिकल नॉलेज पर जोर

सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में आने वाले समय में इवैल्यूएशन का तरीका बदल सकता है. अब स्टूडेंट्स की केवल किताबी जानकारी और याद किए गए जवाबों के आधार पर परख करने के बजाय उनकी विषयों की समझ, तार्किक क्षमता और नॉलेज के वास्तविक जीवन में इस्तेमाल को महत्व देने की तैयारी है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने इस दिशा में एक सर्कुलर जारी किया है. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाना है. हालांकि, बोर्ड ने फिलहाल प्रश्नपत्रों के पैटर्न में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की है.
सीबीएसई की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, इवैल्यूएशन प्रणाली में प्रस्तावित बदलावों को लेकर देशभर के स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके लिए 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा. सम्मेलन की थीम ‘मूल्यांकन: वैश्विक रूप से उन्मुख, भविष्य के लिए तैयार शिक्षार्थियों का निर्माण’ रखी गई है. इसमें चर्चा होगी कि छात्रों की प्रतिभा, क्रिएटिव सोच और विषयों की व्यावहारिक समझ को किस तरह जांचा जाए. इसके अलावा टीचर्स और स्कूल मैनेजमेंट को आंसरशीट्स के मूल्यांकन के नए तरीकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी.
स्टूडेंट्स को रटने के बजाय समझकर पढ़ना होगा
नई मूल्यांकन व्यवस्था लागू होने पर स्टूडेंट्स की पढ़ाई की रणनीति में बदलाव आ सकता है. उन्हें केवल किताबों में दिए गए जवाब याद करने के बजाय विषयों को समझकर प्रश्नों का आंसर देना होगा. उदाहरण के तौर पर साइंस में किसी सिद्धांत की परिभाषा याद करना ही पर्याप्त नहीं होगा. स्टूडेंट्स को यह भी समझना होगा कि उस सिद्धांत का इस्तेमाल रोजमर्रा की जिंदगी में कहां और कैसे होता है. इसी तरह मैथ्स में सिर्फ फॉर्मूले याद करने के बजाय उनका सही परिस्थितियों में इस्तेमाल करना आना चाहिए.
NEP 2020 के अनुरूप तैयार हो रही व्यवस्था
सीबीएसई की इस पहल का उद्देश्य स्टूडेंट्स में रटने की आदत कम करके उनकी एनालिटिकल और लॉजिकल क्षमता को बढ़ावा देना है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी शिक्षा को केवल किताबी नॉलेज तक सीमित न रखकर समझ और स्किल बेस्ड बनाने पर जोर दिया गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, छात्रों को अब से ही एप्लीकेशन-बेस्ड सवालों की प्रैक्टिस करनी चाहिए. साथ ही किसी विषय को अपने शब्दों में समझाने और सीखी हुई जानकारी को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने की आदत विकसित करनी होगी.




