पंजाब के बाद अब भोजपुरी की ओर बॉलीवुड का झुकाव, मार-धाड़ नहीं, फिल्मों में दिखाई गई बिहार की सांस्कृतिक-पारिवारिक झलक

Bollywood and Bhojpuri Connection: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा से रीजनल भाषाओं को शामिल किया जाता रहा है. ये खासतौर पर डिपेंड करता है कि फिल्म की कहानी किस रीजन की है. अगर कहानी पंजाब की है तो उसके संवाद में पंजाबी शब्द और गानों में भी पंजाबी बोल डाले जाते हैं. ऐसा ही कुछ हरियाणा और राजस्थान से जुड़ी कहानियों के साथ भी देखने को मिला है. लेकिन पिछले कुछ समय में ऐसा देखा गया है कि बॉलीवुड में भोजपुरी भाषा का चलन तेजी से बढ़ा है.
कई सारे ऐसे भोजपुरी गाने हैं जो बॉलीवुड की फिल्मों का हाल-फिलहाल में हिस्सा बने हैं. यहां तक की रैप सॉन्ग्स में भी अब भोजपुरी के शब्द डाले जा रहे हैं. फिल्मों में छठ का त्योहार दिखाया जा रहा है. आइए इसे विस्तार से समझते हैं कि ऐसा अचानक से बॉलीवुड में ये हृदय परिवर्तन कैसे देखने को मिला है और पिछले कुछ सालों में इसमें तेजी क्यों आई है.
फिल्में और सीरीज में भोजपुरी भाषा-टोन का इस्तेमाल
कई फिल्मों और सीरीज में भोजपुरी भाषा या टोन का इस्तेमाल देखने को मिला है. मिर्जापुर सीरीज और फिल्म में इसका अच्छा इस्तेमाल देखने को मिला. लेकिन आमतौर पर बॉलीवुड में भोजपुरी की पृष्टभूमि का इस्तेमाल मार-धाड़ दिखाने के लिए ही किया गया है. इसकी शुरुआत कबसे हुई कहा नहीं जा सकता. पहले की फिल्मों में बनारस की झलक और बनारस के किरदारों को शामिल किया जाता था जिनकी टोन बिहारी टच की होती थी. अमिताभ बच्चन ने भी अपनी लाल बादशाह और कोहराम जैसी फिल्मों में और नाना पाटेकर ने शक्ति जैसी फिल्मों में इस टोन का इस्तेमाल किया है. वहीं मनोज बाजपेयी ने अपने किरदारों में इस टोन को ज्यादा नेचुरल फील करवाया. वे ऐसा गैंग्स ऑफ वासेपुर से पहले से ही करते आए हैं.
बॉलीवुड के गानों में बिहार की संस्कृति की झलक
पहले के समय में बिहार और पूर्वांचल को फिल्मों में मार-धाड़ और दबंगई के तर्ज पर दिखाया जाता था. लेकिन पिछले कुछ समय में बॉलीवुड ने ये चलन बदला है और बिहार की सभ्यता और संस्कृति को अपनी फिल्मों में शामिल करना शुरू किया है. हाल ही में आई सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म द वन फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट को ही ले लीजिए. इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया छठ का त्योहार मनाते नजर आ रहे हैं. इसका गाना छठी मैया खूब चर्चा में रहा. वहीं अब आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म ये प्रेम मोल लिया में भी ‘बुलाए छठी मां’ नाम का गाना है जो बिहार की पावन संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश करता है.
मशहूर रैपर्स ने अपने रैप में दिया भोजपुरी को स्थान
रैप हमेशा ट्रेंड में रहते हैं. बादशाह और हनी सिंह जैसे रैपर्स भी अपने रैप्स की वजह से चर्चा में रहते हैं. आमतौर पर इनके रैप्स में पंजाबी भाषा का टेस्ट मिलता है जो बहुत पसंद भी किया जाता है. लेकिन पिछले कुछ समय में फिल्म इंडस्ट्री के इन दो प्रॉमिनेंट्स रैपर्स ने भी कमाल किया है और भोजपुरी भाषा का इस्तेमाल रैप के बीच में किया है. इसमें ताजा उदाहरण के तौर पर हनी सिंह के गीत मैनिएक को लिया जा सकता है जिसमें उन्होंने भोजपुरी सिंगर रागिनी विश्वकर्मा के साथ कोलाबोरेट किया. वहीं मलाइका अरोड़ा और यो यो हनी सिंह का चिलगम खिलाके सॉन्ग भी इसमें शामिल है. इसके अलावा बादशाह ने भी अपने पॉपुलर सॉन्ग आज ब्लू है पानी पानी का भोजपुरी वर्जन निकाला. इसके लिए उन्होंने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, अक्षरा सिंह और रिनी चंद्रा संग कोलाबोरेट किया.
भोजपुरी कलाकारों की बॉलीवुड में बढ़ती सक्रियता
पिछले कुछ समय में भोजपुरी के कई सारे कलाकारों ने बॉलीवुड और हिंदी ऑडियंस के बीच अपनी उपस्थिति को और ठोस किया है. भोजपुरी बेल्ट के कलाकार समेत बिहार से ताल्लुक रखने वाले कई सारे एक्टर खूब पॉपुलर हुए हैं. भोजपुरी बेल्ट से आए सितारों में खेसारी लाल यादव, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आम्रपाली दुबे का नाम शामिल है. वहीं बिहार से ताल्लुक रखने वाले रवि किशन, संजय मिश्रा, पंकज त्रिपाठी, मनोज बाजपेयी, विनीत कुमार सिंह और विनीत कुमार जैसे एक्टर्स ने अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता है और बिहार को दुनियाभर में पॉपुलर कराया है.
ये भी पढ़ें- मैं हमेशा इस चीज के खिलाफ रहूंगा मनोज बाजपेयी ने रणवीर सिंह की धुरंधर को प्रोपेगेंडा कहा?
गैंग्स ऑफ वासेपुर की सक्सेस के बाद बढ़ा चलन
इस क्रम में अनुराग कश्यप की गैंग्स ऑफ वासेपुर को ट्रेंड सेटर माना जा सकता है. क्योंकि इसके आने के बाद ही बॉलीवुड में सही तरीके से बिहार की एक्सेप्टेंस हुई और कलाकारों को ज्यादा एक्सपोजर मिलना शुरू हुआ. इस फिल्म ने बॉलीवुड में बिहार की सक्रियता का इतिहास ही बदलकर रख दिया. अब पिछले डेढ़ दशक में बिहार से आए कलाकारों को ना सिर्फ पहचान मिली है बल्कि उनकी लगातार शानदार परफॉर्मेंसेज ने बिहार को लेकर लोगों के मन में एक पॉजिटिव नैरेटिव भी सेट किया है.
बॉलीवुड में बढ़ते बिहार के क्रेज की सबसे बड़ी वजह क्या है?
अगर ठीक तरह से देखा जाए तो बिहार के अधिकांश लोग रोजगार के लिए मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में रहते हैं. ऐसे में एक अच्छी-खासी टारगेट ऑडियंस बॉलीवुड के पास बिहार की है. ऐसे में बिहार की संस्कृति को हिंदी फिल्मों में शामिल करना मेकर्स के लिए एक दांव की तरह है. उनकी ये आजमाइश बिहार और यूपी बेल्ट के लोगों को रास भी आ रही है. वहीं भोजपुरी भाषा हिंदी से मिलती-झुलती भाषा है और जल्दी समझ में भी आ जाती है. इसलिए ये भाषा हिंदी ऑडियंस के लिए भी पंजाबी और अन्य भाषाओं की तुलना में ज्यादा एडॉप्टेबल है.




